Congress has an established process for the selection of Chief Minister: Venugopal
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री के चयन को लेकर कांग्रेस में एक स्थापित प्रक्रिया है और पार्टी केरल के संदर्भ में जल्द फैसला करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि केरल की जनता ने संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के पक्ष में जनादेश देकर राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस में विश्वास जताया है।
केरल में यूडीएफ की जीत के बाद पहली बार वेणुगोपाल जब दिल्ली पहुंचे तो हवाई अड्डे पर कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘केरल के लोगों ने कांग्रेस पार्टी और यूडीएफ गठबंधन पर अपना विश्वास जताया है। उन्हें राहुल गांधी और खरगे जी के नेतृत्व पर भरोसा है।’’
उनका कहना था, ‘‘एलडीएफ सरकार ने लोगों के लिए कई परेशानियां पैदा की थीं। लोग एलडीएफ सरकार से परेशान हो चुके थे, इसलिए लोगों ने शासन के लिए यूडीएफ को चुना है।’’
इससे पहले, उन्होंने केरल के अलप्पुझा में संवाददाताओं से कहा कि केरल विधानसभा चुनाव के नतीजे राज्य में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की कोशिश कर रहीं ताकतों के लिए करारा जवाब हैं और यह दिखाते हैं कि जनता ने वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के पिछले एक दशक के ‘राजनीतिक अहंकार और कुशासन’ को भी नकार दिया है।