नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 25-12-2025
Commercial flights begin from Navi Mumbai International Airport.
Commercial flights begin from Navi Mumbai International Airport.

 

मुंबई

नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएमआईए) से गुरुवार को वाणिज्यिक उड़ानों का औपचारिक संचालन शुरू हो गया। यह भारत के नागरिक उड्डयन क्षेत्र के लिए एक अहम उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) की हवाई यात्रा क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।

परिचालन की शुरुआत इंडिगो की बेंगलुरु से आने वाली पहली उड़ान के साथ हुई, जो सुबह करीब आठ बजे एनएमआईए की रनवे पर उतरी। आगमन पर विमान का पारंपरिक ‘वॉटर कैनन सैल्यूट’ के साथ स्वागत किया गया, जो किसी हवाई अड्डे पर पहली वाणिज्यिक उड़ान के आगमन और प्रस्थान का प्रतीक माना जाता है।

पहले आगमन के तुरंत बाद इंडिगो की उड़ान 6ई882 सुबह 8:40 बजे हैदराबाद के लिए रवाना हुई। इसके साथ ही नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का पहला पूर्ण आगमन-प्रस्थान चक्र सफलतापूर्वक पूरा हुआ।

हवाई अड्डा संचालक के अनुसार, पहले दिन इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एयर और स्टार एयर की घरेलू उड़ानों का संचालन किया जाएगा। ये एयरलाइंस एनएमआईए को देश के नौ प्रमुख गंतव्यों से जोड़ेंगी। उद्घाटन दिवस पर कुल 15 उड़ानों के प्रस्थान की योजना है।

प्रारंभिक चरण में यह हवाई अड्डा रोजाना 12 घंटे, यानी सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक संचालित होगा। इस दौरान प्रतिदिन 13 गंतव्यों के लिए 24 उड़ानों के प्रस्थान की व्यवस्था रहेगी। एनएमआईए में प्रति घंटे 10 विमानों के आवागमन (आगमन और प्रस्थान) को संभालने की क्षमता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस वर्ष आठ अक्टूबर को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था। यह परियोजना पांच चरणों में विकसित की जा रही है, जिनमें से पहला चरण 19,650 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हुआ है।

सभी पांच चरण पूरे होने के बाद यह हवाई अड्डा सालाना करीब नौ करोड़ यात्रियों को सेवा प्रदान करेगा और इसमें एक समर्पित कार्गो टर्मिनल भी शामिल होगा। पूरी परियोजना एक विशेष प्रयोजन इकाई नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एनएमआईएएल) के तहत विकसित की जा रही है, जिसमें अदाणी समूह की 74 प्रतिशत और सिडको की 26 प्रतिशत हिस्सेदारी है। अगले वर्ष फरवरी से परिचालन को चरणबद्ध तरीके से चौबीसों घंटे करने की योजना है।