जयपुर
राजस्थान में ठंड की लहर जारी है और राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। नागौर जिले में सबसे कम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यहां कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। सीकर जिले के फतेहपुर में रात का तापमान 3.8 डिग्री और शहर में न्यूनतम 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
पूर्वी राजस्थान के अन्य क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ी हुई है। टोंक के वनस्थली में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री, अलवर में 7.4 डिग्री, अजमेर में 8.8 डिग्री और जयपुर में 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान सुबह के समय घने कोहरे और ठंडी हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया।
पश्चिमी राजस्थान में तापमान अपेक्षाकृत हल्का रहा। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री, जैसलमेर में 9.6 डिग्री और जोधपुर में 12.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।मौसम विभाग के अनुसार, ठंड की यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रहने की संभावना है। लोगों को सुबह-शाम कड़ाके की ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।राजस्थान के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड के कारण दिनचर्या प्रभावित हो रही है, वहीं किसानों और मजदूर वर्ग के लिए भी ठंड चुनौतीपूर्ण साबित हो रही है।