कोल इंडिया ने गुजरात में 100 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना चालू की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 05-05-2026
Coal India commissions 100 MW solar power project in Gujarat
Coal India commissions 100 MW solar power project in Gujarat

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने मंगलवार को गुजरात में 100 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजना के चालू होने की घोषणा की।
 
यह कंपनी के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
 
कोल इंडिया ने मंगलवार को शेयर बाजार (बीएसई) को दी सूचना में बताया कि उसे गुजरात ऊर्जा विकास एजेंसी (जीईडीए) से 100 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र के लिए चालू होने का प्रमाण पत्र मिल गया है। यह परियोजना 31 मार्च, 2026 से प्रभावी मानी गई है।
 
कोयला मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली महारत्न कंपनी सीआईएल नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में अपनी हिस्सेदारी लगातार बढ़ा रही है। कंपनी देश में कोयले के कुल उत्पादन का 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सा प्रदान करती है।
 
इससे पहले, नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (कैग) ने कोल इंडिया को 3,000 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विकास में देरी को लेकर फटकार लगाई थी।
 
कैग की रिपोर्ट में कहा गया था कि दिसंबर 2024 तक कंपनी और उसकी इकाइयों ने केवल 122.492 मेगावाट सौर क्षमता ही स्थापित की थी, जो लक्ष्य का मात्र 4.08 प्रतिशत है।
 
नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक ने कोल इंडिया से इन परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने और शुद्ध रूप से शून्य-कार्बन उत्सर्जन वाली ऊर्जा कंपनी बनने की दिशा में तेजी से कदम उठाने को भी कहा था।