नई दिल्ली
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने मध्य प्रदेश के उज्जैन में वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व (महाकुंभ) की तैयारियों के नाम पर ऐतिहासिक शाही मकबरे, मस्जिद कलंदरी, एक दर्जन से अधिक मस्जिदों, मजारों और अन्य संपत्तियों को ध्वस्त किए जाने की कड़ी निंदा की है। बोर्ड ने इस कार्रवाई को गैरकानूनी, अन्यायपूर्ण और भारतीय संविधान के मूल सिद्धांतों के विरुद्ध बताया है।
बोर्ड के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सैयद कासिम रसूल इलियास ने इस कार्रवाई पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2028 में होने वाले महाकुंभ की तैयारियों के नाम पर ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों और पुरानी इमारतों को गिराना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने बताया कि प्राप्त सूचनाओं के अनुसार, 21 नवंबर को तड़के करीब पांच बजे रेलवे प्रशासन ने भारी पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की मौजूदगी में माधव नगर रेलवे स्टेशन के बाहर स्थित शाही मकबरे, मस्जिद कलंदरी, एक दर्जन से अधिक मजारों और अन्य संपत्तियों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
बोर्ड के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई बेहद जल्दबाजी में की गई और इसमें कानूनी प्रक्रियाओं तथा आवश्यक नियमों की अनदेखी की गई।