न्यूयॉर्क:
भारत ने युद्ध और संघर्ष की परिस्थितियों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) सहित उभरती तकनीकों के इस्तेमाल को लेकर मानवीय निगरानी और जिम्मेदार दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत पर जोर दिया है। भारत ने स्पष्ट किया कि सैन्य अभियानों में तकनीक की भूमिका बढ़ने के बावजूद मानवीय विवेक, निर्णय और निगरानी का स्थान कोई मशीन नहीं ले सकती।
मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में लातविया की ओर से आयोजित उच्चस्तरीय खुली बहस में भारत ने यह रुख सामने रखा। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत हरीश पर्वतनेनी ने 'तेजी से बदलती तकनीक के दौर में संघर्ष समाधान' विषय पर भारत का वक्तव्य प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि तेजी से हो रहे तकनीकी विकास ने युद्ध और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के स्वरूप को बुनियादी रूप से बदल दिया है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्वायत्त प्रणालियां और उभरती डिजिटल तकनीकें जहां नए अवसर पैदा कर रही हैं, वहीं संघर्ष के हर चरण में नई कमजोरियां और जोखिम भी सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सैन्य, खुफिया और नागरिक क्षेत्रों में एआई का तेजी से बढ़ता इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के परिदृश्य को बदल रहा है।
भारतीय राजदूत ने कहा कि तकनीक को हमेशा मानव-केंद्रित बनाए रखना चाहिए और इसका उद्देश्य शांति को बढ़ावा देना होना चाहिए। तकनीक मनुष्य के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने का साधन है, न कि अपने आप में कोई अंतिम लक्ष्य।
उन्होंने कहा कि संघर्ष की परिस्थितियों में उभरती तकनीकें कई तरह से सकारात्मक भूमिका निभा सकती हैं। इनके जरिए संकट की समय रहते चेतावनी देने वाली व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा सकता है, जमीनी हालात की बेहतर जानकारी हासिल की जा सकती है और मध्यस्थता की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा सकता है। इसके अलावा, शांति अभियानों में तैनात कर्मियों की सुरक्षा और कार्यक्षमता भी बढ़ाई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि एआई आधारित विश्लेषणात्मक उपकरण, उपग्रह से प्राप्त तस्वीरें और डिजिटल प्लेटफॉर्म संयुक्त राष्ट्र को संभावित संकटों का पूर्वानुमान लगाने और उनसे अधिक प्रभावी ढंग से निपटने में मदद कर सकते हैं।
पर्वतनेनी ने कहा कि संघर्ष के दौरान उभरती तकनीकों का इस्तेमाल जिम्मेदारी के साथ होना चाहिए। यह इस्तेमाल मानव-केंद्रित, देशों की संप्रभुता का सम्मान करने वाला और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप होना चाहिए।
उन्होंने नागरिकों, शांति सैनिकों और मानवीय सहायता कर्मियों की सुरक्षा में तकनीक के इस्तेमाल को भी महत्वपूर्ण बताया।
घातक स्वायत्त हथियार प्रणालियों (Lethal Autonomous Weapons Systems) को लेकर उन्होंने कहा कि इनके इस्तेमाल से कई गंभीर कानूनी और नैतिक सवाल पैदा होते हैं। भारत इन चिंताओं पर कुछ पारंपरिक हथियारों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध या नियंत्रण से संबंधित कन्वेंशन (CCW) के ढांचे के तहत विचार करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस कन्वेंशन का उद्देश्य सैन्य जरूरतों और मानवीय मूल्यों के बीच संतुलन कायम करना है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि हथियार प्रणालियों के इस्तेमाल में मानवीय निर्णय और निगरानी अनिवार्य होनी चाहिए। इसके लिए अभियान की परिस्थितियों और हथियारों की विशेषताओं को ध्यान में रखना जरूरी है। ऐसी प्रणालियों के इस्तेमाल की जिम्मेदारी हमेशा इंसानों की ही रहनी चाहिए।
भारतीय प्रतिनिधि ने तीसरे महत्वपूर्ण मुद्दे के रूप में आतंकवादी संगठनों और गैर-राज्य तत्वों द्वारा उभरती तकनीकों, विशेषकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता के दुरुपयोग का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि एआई से जुड़े खतरे वास्तविक हैं और इनसे निपटने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। आतंकवादी संगठन और गैर-राज्य तत्व इन तकनीकों का दुरुपयोग कर सकते हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने आगाह किया कि एआई के जरिए अधूरे, गलत या जानबूझकर बदले गए आंकड़ों का इस्तेमाल निर्णय लेने की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है।
भारत में डिजिटल बुनियादी ढांचे और साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश ने उभरती तकनीकों के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। इसके साथ ही महत्वपूर्ण सूचना ढांचे की सुरक्षा और आवश्यक नागरिक सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत का सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और उससे जुड़े नियम बिना अनुमति कंप्यूटर प्रणालियों तक पहुंच, डेटा में छेड़छाड़ और कंप्यूटर प्रणालियों को बाधित करने जैसी गतिविधियों के खिलाफ मजबूत सुरक्षा प्रदान करते हैं। सशस्त्र संघर्ष के दौरान भी ये प्रावधान प्रासंगिक बने रहते हैं।
भारत ने चौथे महत्वपूर्ण मुद्दे के रूप में तकनीकी विकास के कारण विकसित और विकासशील देशों के बीच बढ़ती असमानता पर चिंता जताई।
पर्वतनेनी ने कहा कि तकनीक तक पहुंच सीमित करने और निर्यात नियंत्रण तथा लाइसेंसिंग व्यवस्था के जरिए रणनीतिक बढ़त हासिल करने की प्रवृत्ति चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि ग्लोबल साउथ के देशों को केवल तकनीक के उपभोक्ता के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्हें भी यह तय करने में भागीदारी मिलनी चाहिए कि एआई जैसी उभरती तकनीकों का विकास, नियमन और इस्तेमाल किस तरह किया जाए।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि एआई प्रणालियां अनजाने में लैंगिक भेदभाव, भाषा और सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि से जुड़े पूर्वाग्रहों को आगे बढ़ा सकती हैं। तकनीकी विकास के नाम पर इंसान की गरिमा को कम नहीं किया जाना चाहिए। मनुष्य को केवल आंकड़ों या कच्चे संसाधन के रूप में नहीं देखा जा सकता।
भारतीय राजदूत ने तकनीक के नियमन और शासन व्यवस्था को लेकर संयुक्त राष्ट्र के माध्यम से समावेशी अंतरराष्ट्रीय सहयोग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में देशों की राष्ट्रीय प्राथमिकताओं और विकास संबंधी जरूरतों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।
इसी संदर्भ में उन्होंने बहुपक्षीय व्यवस्था, विशेषकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा परिषद में स्थायी और अस्थायी दोनों श्रेणियों में विस्तार होना चाहिए, ताकि वह मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों का सही प्रतिनिधित्व कर सके।
भारत की ओर से इस वर्ष फरवरी में नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट का उल्लेख करते हुए पर्वतनेनी ने कहा कि ग्लोबल साउथ के किसी देश की ओर से अपनी तरह का यह पहला सम्मेलन था।
उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन के बाद 'नई दिल्ली घोषणा' जारी की गई, जिसका 90 से अधिक देशों ने समर्थन किया। इस घोषणा में एआई संसाधनों तक सभी की पहुंच सुनिश्चित करने, सुरक्षित और भरोसेमंद तकनीकी प्रणालियां विकसित करने, मानवीय क्षमताओं में निवेश करने तथा आर्थिक विकास और सामाजिक कल्याण के लिए एआई के इस्तेमाल पर जोर दिया गया।
अपने वक्तव्य के समापन में भारतीय राजदूत ने कहा कि तकनीकी विकास का अंतिम उद्देश्य मानवता की सेवा, अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करना और स्थायी शांति को आगे बढ़ाना होना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीक मानवीय निर्णय लेने की प्रक्रिया में मददगार हो सकती है, लेकिन उसकी जगह नहीं ले सकती।