आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के सह-संयोजक सौरव दास ने सोमवार को कहा कि जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के तौर पर गैर-अधिसूचित करने का सरकार का फैसला ‘‘मंजूर नहीं है’’ और वह ‘‘इस मनमाने फैसले को नहीं मानते।’’
एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को विरोध-प्रदर्शन के लिए तय जगह के तौर पर गैर-अधिसूचित कर दिया और ऐसे प्रदर्शनों के लिए तीन नये स्थल तय किये गए हैं।
दास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अस्वीकार्य। नरेन्द्र मोदी जंतर-मंतर से क्यों डरते हैं?’’
उन्होंने कहा, ‘‘जंतर-मंतर भारत के लोगों का है। क्या गृह मंत्रालय ने भारत के लोगों से सलाह ली? क्या किसी हितधारक से सलाह ली गई? क्या किसी संगठन से सलाह ली गई?’’
प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जल्द ही सरकार यह घोषणा कर देगी कि भारत अब लोकतंत्र नहीं है।
दास ने कहा, ‘‘यह लिखकर रख लीजिए - जिस तरह वे लोगों से जंतर-मंतर छीन रहे हैं, उसी तरह प्रधानमंत्री जल्द ही भारत में लोकतंत्र को भी खत्म कर देंगे। यह उसी दिशा में एक और कदम है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम इस मनमाने फैसले को स्वीकार नहीं करते। यह लोगों के विरोध करने और शांतिपूर्ण तरीके से एकत्र होने के मौलिक अधिकार पर हमला है। अब पूरा देश ही जंतर-मंतर बन रहा है।’’