Chennai hotels and restaurants declare holiday due to commercial LPG cylinder crisis
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
चेन्नई और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में संचालित होटलों और रेस्तरां के एक वर्ग ने वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति न होने के कारण बुधवार को छुट्टी घोषित कर दी। कर्मचारियों ने यह जानकारी दी।
सुबह-सुबह चाय-कॉफी के लिए पहुंचे ग्राहकों ने होटलों के बंद रहने पर निराशा व्यक्त की और आशा जताई कि केंद्र सरकार स्थिति सुधारने के लिए जरूरी कदम उठाएगी।
शहर के एक लोकप्रिय होटल में बुधवार को लगे नोटिस में लिखा था, ‘‘एलपीजी आपूर्ति न होने के कारण 11 मार्च 2026 को छुट्टी घोषित की गई है।’’
वहां कॉफी पीने आए एक निवासी ने तियागराया नगर स्थित होटल में छुट्टी घोषित होने के बाद कहा, ‘‘अगर वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति की यही स्थिति रही तो घरेलू एलपीजी आपूर्ति पर भी इसका असर पड़ सकता है। घरेलू गैस की बुकिंग अवधि पहले ही 21 दिनों से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। हमें नहीं पता कि हम क्या करेंगे।’’
होटल संघ ने 10 मार्च को अपने कारोबार को जारी रखने को लेकर चिंता जताई थी, क्योंकि वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर का मौजूदा भंडार ‘‘केवल एक या दो दिन के लिए ही पर्याप्त होगा।’’
ईस्ट कोस्ट रोड स्थित एक प्रसिद्ध होटल के मालिक ने कहा, ‘‘हमने इडली, सांभर और वड़ा तैयार किए हैं। हमने डोसे की विभिन्न किस्में हटा दी हैं। दोपहर और रात के खाने की सूची में केवल विभिन्न प्रकार के चावल होंगे, क्योंकि डोसा और फ्राइड राइस के लिए एलपीजी की निरंतर आपूर्ति आवश्यक है।’’
राज्य के होटलों और रेस्तरांओं का प्रतिनिधित्व करने वाले तमिलनाडु होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने 10 मार्च को मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन से मुलाकात की और उन्हें स्थिति से अवगत कराया।