Centre, states and industries need to work together for water security: Raj Bhushan Chaudhary
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी ने मंगलवार को कहा कि जल सुरक्षा के लिए केंद्र, राज्यों, स्थानीय निकायों, समुदायों और उद्योगों के बीच समन्वित प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने भारत में जल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रौद्योगिकी, नवाचार और जनभागीदारी की जरूरत पर जोर दिया।
यहां 12वें सीआईआई जल नवाचार शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि ‘वाटर विजन 2047’ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण के अनुरूप एक रणनीतिक पहल है जिसका उद्देश्य मजबूत, समावेशी और सभी के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि जल राज्य का विषय है इसलिए केंद्र, राज्यों, स्थानीय निकायों, समुदायों और उद्योग के बीच सहयोग जरूरी है।’’
चौधरी ने कहा कि भारत में जल प्रबंधन की रणनीति पांच स्तंभों-राजनीतिक इच्छाशक्ति, सार्वजनिक वित्त पोषण, साझेदारी, जनभागीदारी और स्थिरता के लिए जनजागरूकता-पर आधारित है।