Centre should provide reservation to women in existing Lok Sabha seats: DMK leader
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के वरिष्ठ नेता टीकेएस एलंगोवन ने लोकसभा में सीट संख्या बढ़ाकर महिला आरक्षण लागू करने में हो रही देरी को महिलाओं का “अपमान” बताते हुए कहा कि केंद्र को सदन में मौजूदा सीट संख्या के आधार पर ही महिला आरक्षण लागू करना चाहिए।
एलंगोवन ने रविवार को ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में महिला आरक्षण के मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर लोगों को “धोखा देने” का आरोप भी लगाया। द्रमुक नेता ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार ने पेश किया था और उस समय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसका विरोध किया था।
रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ की प्रसारित खबर में टीकेएस एलंगोवन का नाम त्रुटिवश ईवीकेएस एलंगोवन लिखा गया था।
एलंगोवन ने तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के नेतृत्व वाली सरकार के पहले 100 दिनों के कार्यकाल के प्रदर्शन की भी आलोचना की।
उन्होंने लोकसभा सीट संख्या बढ़ाने के साथ 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को जोड़ने के केंद्र के तर्क की आलोचना की। एलंगोवन ने कहा, “उन्हें (केंद्र सरकार को) मौजूदा सीट पर ही महिला आरक्षण लागू करना चाहिए।”
उन्होंने सीट संख्या बढ़ाने में हो रही देरी को “महिलाओं का अपमान” बताया। द्रमुक नेता ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर निशाना साधते हुए टीवीके सरकार के पहले 100 दिनों के कथित खराब प्रशासनिक प्रदर्शन की आलोचना की और इसे “शून्य” बताया।
एलंगोवन ने आरोप लगाया कि टीवीके सरकार ने केवल मौजूदा योजनाओं के नाम बदलने का काम किया है। एलंगोवन ने कहा, “उनकी एकमात्र विचारधारा हर तरह से द्रमुक पर हमला करने की है।”