Census 2027 will be conducted digitally, with the first phase in Telangana from May 11 to June 9.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तेलंगाना में जनगणना संचालन की निदेशक भारती होलिकेरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि 2027 की जनगणना डिजिटल माध्यम से आयोजित की जाएगी, जबकि 2011 तक यह प्रक्रिया कागज पर आधारित थी।
निदेशक होलिकेरी ने कहा कि इस प्रक्रिया के पहले चरण में घरों की सूची बनाना और आवास गणना शामिल है। पहला चरण 11 मई से नौ जून तक आयोजित किया जाएगा, जबकि दूसरा चरण फरवरी 2027 में शुरू किया जाएगा।
तेलंगाना में जनगणना में गणनाकर्मियों और पर्यवेक्षकों सहित लगभग 88,000 कर्मी शामिल होंगे, हालांकि इस विशाल कार्य के लिए लगभग 93,000 से 94,000 कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, "पिछली जनगणनाओं की तुलना में इसमें कई अनूठी विशेषताएं हैं। प्रौद्योगिकी के उपयोग की बात करें तो, पहली बार हम डिजिटल माध्यम से जनगणना करने जा रहे हैं। 2011 की जनगणना तक, जनगणना कागज पर आधारित थी।"
उन्होंने कहा कि अब विभिन्न डिजिटल उपकरण विकसित किए गए हैं, जिनमें जनगणना प्रबंधन निगरानी प्रणाली (सीएमएमएस), स्व-गणना पोर्टल और एचएलओ ऐप शामिल हैं, जिनका उपयोग गणनाकर्मी प्रत्येक घर से आंकड़ा एकत्र करने के लिए करेंगे।
आंकड़े की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों पर उन्होंने कहा कि आंकड़ा अपलोड होते ही वह गणनाकर्मियों के उपकरणों से गायब हो जाएगा और केंद्रीय सर्वरों में संग्रहीत हो जाएगा, जिससे वह किसी के लिए भी दुर्गम होगा।