आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत की अध्यक्षता में इंदौर में ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों की दो दिवसीय बैठक शुक्रवार से शुरू हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि भारत के सबसे स्वच्छ शहर में जारी इस अंतर-सरकारी संगठन की बैठक में खाद्यान्न सुरक्षा, छोटे किसानों के हित और खेती में महिलाओं व युवाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
भारत के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ‘छोटे किसान, महिलाएं और युवा: भोजन का भविष्य सुरक्षित करना’ विषय पर बातचीत के सत्र की अगुवाई की।
बैठक शुरू होने से पहले चौहान ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ भारत, लोकतंत्र की जननी है। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि इस बार ब्रिक्स की अध्यक्षता भारत कर रहा है। मुझे उम्मीद है कि शनिवार को बैठक संपन्न होने और संयुक्त घोषणापत्र जारी होने तक भारत की अध्यक्षता में कई महत्वपूर्ण नतीजे हासिल होंगे।’’
उन्होंने कहा कि ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों की बैठक में खेती में महिलाओं और युवाओं की भूमिका बढ़ाने पर चर्चा होगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘ भारत और दुनिया के कई देशों में परंपरागत रूप से खेती में महिलाओं का बड़ा योगदान रहा है। हम खेती में उनकी भागीदारी बढ़ाने के उपायों पर विचार करेंगे। ’’