गोवा मंत्रिमंडल में शामिल हुए भाजपा विधायक संकल्प अमोनकर

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-11-2026
BJP MLA Sankalp Amonkar inducted into Goa cabinet
BJP MLA Sankalp Amonkar inducted into Goa cabinet

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक संकल्प अमोनकर ने शनिवार को गोवा की डॉ. प्रमोद सावंत के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली।
 
पिछले साल अक्टूबर में पूर्व कृषि मंत्री रवि नाइक के निधन के बाद से मंत्रिमंडल में यह पद खाली था।
 
राज्यपाल पी. अशोक गजपति राजू ने डोना पाउला स्थित लोक भवन में आयोजित समारोह में अमोनकर को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।
 
अमोनकर को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने से 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मोरमुगांव क्षेत्र में भाजपा की स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।
 
पूर्व कृषि मंत्री रवि नाइक का पिछले साल 15 अक्टूबर को 79 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। गोवा की राजनीति में प्रमुख स्थान रखने वाले नाइक दो बार राज्य के मुख्यमंत्री रहे थे। वह सात बार विधानसभा के लिए चुने गए थे।
 
अमोनकर ने 2022 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था। उन्होंने मोरमुगांव सीट पर भाजपा के तीन बार के विधायक मिलिंद नाइक को 1,941 मतों से हराया था। सितंबर 2022 में वह कांग्रेस के सात अन्य विधायकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे।
 
भाजपा में शामिल होने से पहले अमोनकर गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रह चुके थे। उन्होंने पार्टी की युवा इकाई में भी विभिन्न पदों पर काम किया था।
 
भाजपा में आने के बाद उन्हें गोवा सीवेज एवं अवसंरचना विकास निगम का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
 
रवि नाइक के निधन के बाद से मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व वाली 12 सदस्यीय मंत्रिपरिषद में एक पद खाली था। अब अमोनकर के मंत्री बनने से यह रिक्ति भर गई है।