Billboard case: Kolkata police arrive to serve notice to Abhishek Banerjee for the second consecutive day
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कोलकाता पुलिस नगर निगम की ओर से मिली एक शिकायत के संबंध में पूछताछ को लेकर थाने में पेश होने का नोटिस देने के लिए सोमवार को लगातार दूसरे दिन टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के आवास पहुंची।
शेक्सपियर सरानी थाने की एक टीम ने नोटिस देने के लिए बनर्जी के आवास 121 कालीघाट रोड के बाहर करीब एक घंटे तक प्रतीक्षा की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार नोटिस लेने के लिए कोई उपलब्ध नहीं था।
एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को भी इसी थाने की टीम नोटिस देने के लिए बनर्जी के आवास पर पहुंची थी।
उन्होंने कहा कि बनर्जी के भाई आकाश बनर्जी ने वह नोटिस लिया था जिसमें अभिषेक को कैमक स्ट्रीट पार्टी कार्यालय बिलबोर्ड मामले में एक बार फिर पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
अधिकारी के अनुसार बनर्जी को सोमवार पूर्वाह्न करीब 10 बजे थाने में पेश होने के लिए कहा गया था।
इस सप्ताह तीसरी बार पुलिस नोटिस देने के लिए बनर्जी के आवास पहुंची है।
मामला 27 अगस्त को मध्य कोलकाता के कैमक स्ट्रीट स्थित पार्टी कार्यालय की इमारत से बिलबोर्ड हटाने को लेकर हुए हंगामे से संबंधित है।
इस घटना के सिलसिले में शेक्सपियर सरनी थाने में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
बनर्जी से इनमें से एक मामले में थाने में पहले ही पूछताछ की जा चुकी है। यह पूछताछ कई घंटे तक की गई थी।