भांबरी पहली बार एटीपी मास्टर्स 1000 के सेमीफाइनल में

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-03-2026
Bhambri reaches ATP Masters 1000 semi-finals for the first time
Bhambri reaches ATP Masters 1000 semi-finals for the first time

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 भारत के युकी भांबरी ने स्वीडन के अपने साथी गोरान गोरानसन के साथ मिलकर सीधे सेटों में जीत दर्ज करके बीएनपी परिबास इंडियन वेल्स ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष युगल के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
 
यह पहला अवसर है जबकि भांबरी किसी एटीपी मास्टर्स 1000 टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं। इससे पहले वह दो बार मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल तक पहुंच चुके थे।
 
भांबरी और गोरानसन ने क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रिया के एलेक्जेंडर एरलर और इटली के एंड्रिया वावस्सौरी को सीधे सेटों में 6-3, 7-6 से हराया। यह मैच एक घंटे 30 मिनट से अधिक समय तक चला।
 
भारत और स्वीडन की जोड़ी ने अपनी पहली सर्विस पर दबदबा बनाए रखा और इस पर 83 प्रतिशत अंक (35 में से 29) जीते। इससे उन्हें दूसरे सेट में टाई-ब्रेक और मैच जीतने में मदद मिली।
 
भांबरी और गोरानसन शुक्रवार को सेमीफाइनल में फ्रांस के आर्थर रिंडरकनेच और मोनाको के वैलेंटीन वाचेरोट से भिड़ेंगे।
 
रिंडरकनेच और वाचेरोट ने क्वार्टरफाइनल में आंद्रे रुबलेव और करेन खाचानोव की रूसी जोड़ी को 6-3 6-4 से हराया।