Bengal is my second home, my journey in the state is not over yet: Former Governor Bose
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पूर्व राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने बुधवार को पश्चिम बंगाल को अपना ‘‘दूसरा घर’’ बताया और कहा कि राज्य में उनका सफर अभी खत्म नहीं हुआ है क्योंकि वह इससे जुड़े रहेंगे।
बंगाल के लोगों के नाम लिखे एक पत्र में बोस ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले समर्थन और स्नेह के लिए उनका आभार जताया।
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, मेरा कार्यकाल समाप्त हो गया है, लेकिन पश्चिम बंगाल में मेरा सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। पश्चिम बंगाल मेरा दूसरा घर है और इसके अभिन्न अंग के रूप में मैं इससे जुड़ा रहूंगा।’’
पूर्व राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने पिछले तीन वर्षों में पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों की यात्रा की और लोगों से बातचीत की।
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले तीन वर्षों में मुझे राज्य के कोने-कोने का दौरा करने और लोगों से बातचीत करने का अवसर मिला। मैंने लोगों के साथ उनकी झोपड़ियों में भोजन किया।’’
बोस ने कहा कि वह राज्य भर के लोगों के साथ हुई बातचीत की यादों को संजो कर रखेंगे।