बंगाल उपचुनाव: रेजीनगर में हुमायूं कबीर गिरफ्तार, नंदीग्राम में अनियमितता के आरोप

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-10-2026
Bengal by-election: Humayun Kabir arrested in Rajnagar, allegations of irregularities in Nandigram
Bengal by-election: Humayun Kabir arrested in Rajnagar, allegations of irregularities in Nandigram

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 पश्चिम बंगाल में मंगलवार को विधानसभा उपचुनाव की शुरुआत तनावपूर्ण माहौल में हुई। मुर्शिदाबाद के रेजीनगर में पुलिस के साथ टकराव के बाद आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि नंदीग्राम में मतदाताओं को डराने-धमकाने और मतदान में अनियमितता के आरोप सामने आए।

आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक कबीर को मुर्शिदाबाद के रेजीनगर स्थित पार्टी कार्यालय में पुलिसकर्मियों के साथ तीखी बहस के बाद गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई उनके द्वारा पुलिस पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के इशारे पर काम करने का आरोप लगाए जाने और स्थानीय लोगों से पुलिस की कथित ज्यादतियों का विरोध करने की अपील किए जाने के कुछ घंटे बाद हुई।
 
इस दौरान पुलिसकर्मी कबीर की कमीज पकड़कर उन्हें एक वाहन तक ले गए। रेजीनगर विधानसभा सीट पर कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद एजेयूपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।
 
नंदीग्राम में मतदान करने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ‘‘नवादा के विधायक (कबीर) को गिरफ्तार किया गया है। कानून सभी के लिए समान है और किसी को इसका उल्लंघन करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।’’
 
मुर्शिदाबाद के पुलिस अधीक्षक सचिन मक्कर ने कहा कि कबीर उपचुनाव में न तो उम्मीदवार थे और न ही अधिकृत चुनाव एजेंट, इसलिए वह जिस तरह से क्षेत्र में घूम रहे थे, उन्हें ऐसा करने का अधिकार नहीं था।
 
इसके बाद ऐसी खबरें सामने आईं कि कबीर को मतदाताओं को प्रभावित करने और उन्हें उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है, हालांकि गिरफ्तारी का औपचारिक विवरण तत्काल उपलब्ध नहीं हुआ।
 
इससे पहले कबीर ने अपने परिवार के साथ मतदान किया था। वह लगातार पुलिस पर मतदाताओं को डराने-धमकाने और लोगों को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने से रोकने का आरोप लगाते रहे हैं।