बांग्लादेश के प्रधानमंत्री ने अवामी लीग की ‘वापसी’ रोकने के लिए एकजुटता का आह्वान किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 19-11-2026
Bangladesh PM calls for unity to prevent Awami League's 'comeback'
Bangladesh PM calls for unity to prevent Awami League's 'comeback'

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रतिबंधित पार्टी अवामी लीग की ‘‘वापसी’’ को रोकने के लिए ‘‘लोकतांत्रिक ताकतों’’ से एकजुट होने का आह्वान किया।

हसीना ने मौत की सजा सुनाए जाने के बावजूद दिसंबर में स्वदेश लौटने की घोषणा की है, जिसके बाद देश में राजनीतिक हिंसा भड़क उठी है।
 
रहमान ने बुधवार को संसद में अपने संबोधन में कहा, ‘‘इन आतंकवादियों (अवामी लीग के कार्यकर्ताओं) ने एक बार फिर देश और उसके लोगों के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियां शुरू कर दी हैं।’’
 
बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों में राजनीतिक हिंसा भड़कने से पिछले दो दिनों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है।
 
प्रधानमंत्री ने सभी लोकतांत्रिक राजनीतिक दलों से एक मंच पर एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह जुलाई विद्रोह के दौरान छात्र नेतृत्व वाले हिंसक सड़क प्रदर्शनों में अवामी लीग सरकार को सत्ता से हटाने के लिए राजनीतिक दल एकजुट हुए थे, उसी तरह अब भी उन्हें उस ‘‘पराजित, सत्ता से बेदखल की गई और फासीवादी ताकतों’’ का मुकाबला करने तथा उनकी साजिशों को नाकाम करने के लिए एकजुट होना चाहिए।
 
रहमान ने कहा, ‘‘आइए, हम एक बार फिर 2024 की तरह ही एकजुट हों, जब हमने देश से निरंकुश शक्तियों को बाहर कर दिया था और यह सुनिश्चित करें कि उन ताकतों को निर्णायक रूप से पराजित किया जाए।’’
 
संसद के मौजूदा सत्र के समापन के अवसर पर अपने अंतिम संबोधन से पहले उन्होंने अपनी पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के सांसदों से तत्काल अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लौटने और देश के विभिन्न हिस्सों में राजनीतिक हिंसा के बीच सड़कों पर सक्रिय रूप से मौजूद रहने को कहा।
 
‘डेली स्टार’ और अन्य समाचार पत्रों ने बताया कि रहमान ने बीएनपी सांसदों से कहा कि वे अवामी लीग कार्यकर्ताओं का मुकाबला करने के लिए केवल सरकारी तंत्र या प्रशासन पर निर्भर नहीं रहें, बल्कि पार्टी के जमीनी स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करें।