Babita, arrested for alleged links with Jaish-e-Mohammed, sent to judicial custody
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राजस्थान में जयपुर की एक स्थानीय अदालत ने पुलिस रिमांड अवधि पूरी होने के बाद शनिवार को बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के कमांडरों से संबंध होने के आरोप में खदीजा (38) को राज्य के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने पिछले रविवार को गिरफ्तार किया था।
पुलिस रिमांड समाप्त होने पर उसे शनिवार को जयपुर के अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-11 की अदालत में पेश किया गया।
अदालत ने उसे जेल भेजते हुए मामले की अगली सुनवाई के लिए 29 जून की तारीख निर्धारित की।
जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी पिछले लगभग दो वर्षों से पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन के संपर्क में थी।
खदीजा पिछले कुछ महीनों से जयपुर के सीतापुरा क्षेत्र में सैन्य खुफिया एजेंसियों की निगरानी में थी, जहां वह अपने माता-पिता के घर रह रही थी।
उसके बारे में सूचना मिलने के बाद एटीएस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
खुफिया एजेंसियों को उसकी संपर्क सूची में पाकिस्तान के कई फोन नंबर भी मिले हैं।
इनमें से दो नंबरों के जैश-ए-मोहम्मद के दो कुख्यात आतंकवादियों से जुड़े होने का संदेह है। इनमें जैश-ए-मोहम्मद के संस्थापक मौलाना मसूद अजहर का बहनोई भी शामिल है, जो भारत में दर्ज दो मामलों में वांछित है।