Ankit Baliyan murder case: Panchayat demands arrest of both shooters and other conspirators.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
शामली जिले में हुई एक खाप पंचायत में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के मामले में फरार दो शूटर और अन्य साजिशकर्ताओं को तत्काल गिरफ्तार किए जाने की मांग की गई।
शामली जिले के बंतीखेड़ा गांव में बृहस्पतिवार को हुई इस पंचायत में उत्तर प्रदेश के जांच अधिकारियों के साथ हरियाणा पुलिस के कथित असहयोग पर भी चिंता जताई गई।
बालियान खाप के प्रमुख और भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता नरेश टिकैत ने कहा कि पांच सदस्यीय समिति बनाई गई है जो हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिलकर ये मुद्दे उठाएगी।
पंचायत में टिकैत, बाबा श्याम सिंह (गठवाला खाप प्रमुख), ‘इंटरनेशनल जाट पार्लियामेंट’ के अध्यक्ष मनु चौधरी समेत कई जाट नेताओं के अलावा अंकित बालियान के पिता सतबीर सिंह भी शामिल हुए।
पंचायत में शामिल लोगों ने विदेश में रह रहे या जेलों में बंद साजिशकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई किए जाने और राज्य सरकार की ओर से बालियान के परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की भी मांग की। उन्होंने आरोपियों द्वारा परिवार को सोशल मीडिया पर कथित रूप से धमकाए जाने पर भी चिंता जताई।
इस बीच, शुक्रवार को मनु चौधरी ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अंकित बालियान को पूरा न्याय दिलाने के मकसद से अहम फैसले लेने के लिए 11 सितंबर को एक अन्य पंचायत बुलाई गई है।’’