आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मुंबई में गणपति की प्रतिमा के विसर्जन की शोभा यात्राओं के मद्देनजर शुक्रवार को 24,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने 67 प्राकृतिक विसर्जन स्थलों एवं 383 कृत्रिम तालाबों पर व्यापक इंतजाम किए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
14 सितंबर को शुरू हुए गणेशोत्सव का शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर समापन होगा और शोभा यात्राओं के बाद भगवान गणेश की सैकड़ों प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि मुंबई यातायात पुलिस ने वाहनों की सुचारू आवाजाही एवं लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात परामर्श जारी किए हैं तथा जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड (जेवीएलआर), लालबाग और कालाचौकी समेत प्रमुख मार्गों पर कई पाबंदियां लगाई हैं।
पुलिस ने बताया कि महानगर में सुरक्षा के लिए 24,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। इनमें छह संयुक्त पुलिस आयुक्त, नौ अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 38 पुलिस उपायुक्त और 66 सहायक पुलिस आयुक्त शामिल हैं।
त्वरित कार्य बल, राज्य रिजर्व पुलिस बल, ‘फोर्स वन’, त्वरित प्रतिक्रिया दल, कानून-व्यवस्था दस्ते, दंगा नियंत्रण दस्ते, ‘डेल्टा’ एवं ‘कॉम्बैट’ इकाइयों और ड्रोन रोधी दस्तों समेत विशेष इकाइयों को भी प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया जाएगा।