An FIR should be lodged against Champat Rai and he should be arrested: Digvijay Singh
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने अयोध्या स्थित राम मंदिर को मिले चंदे में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और उन्हें गिरफ्तार करने की शनिवार को मांग की।
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाताओं से कहा कि इस प्रकरण की पूरी जिम्मेदारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की है लेकिन ये सभी आरोपियों को ‘‘बचाने’’ में लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जिन लोगों में धर्म के प्रति आस्था है, सनातन धर्म के प्रति आस्था है और भगवान राम के प्रति आस्था है, वे इस ‘चोरी’ और ‘लूट’ को बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसकी पूरी-पूरी जवाबदेही और जिम्मेदारी भाजपा, आरएसएस और विहिप पर है।’’
सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘हमारी मांग है कि चंपत राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए। गिरफ्तार करो चंपत राय को, अनिल मिश्रा को! इन्होंने यह सब खुलेआम किया है और प्रमाण के लिए महिपाल सिंह हैं एवं दीनानाथ वर्मा हैं। आप उनका प्रमाण क्यों नहीं लेते? उनका बयान लीजिए।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूरा आरएसएस और विहिप आरोपियों का बचाव करने में लगा हुआ है।