पंजाब में ईडी की कार्रवाई के बीच आप ने केंद्र पर लगाया जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 24-09-2026
Amid ED action in Punjab, AAP accuses Center of misuse of investigative agencies
Amid ED action in Punjab, AAP accuses Center of misuse of investigative agencies

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली


 
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बृहस्पतिवार को राज्य में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की तलाशी कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह विधानसभा चुनाव से पहले जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।

चीमा ने कहा कि पंजाब को डराया या चुप नहीं कराया जा सकता, इसे दबाया भी नहीं जा सकता। उन्होंने मोहाली स्थित पंजाब के ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमएडीए) के कार्यालय एवं अन्य स्थानों पर ईडी की छापेमारी की कार्रवाई पर सवाल उठाए।
 
आप कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को जीएमएडीए कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
 
यहां संवाददाताओं से बातचीत में वित्त मंत्री चीमा ने कहा कि भाजपा 2014 से ईडी, सीबीआई, निर्वाचन आयोग एवं आयकर विभाग का ‘‘दुरुपयोग’’ कर रही है।
 
उन्होंने आरोप लगाया कि जिन राज्यों में चुनाव होने वाले होते हैं, वहां भाजपा नीत केंद्र सरकार इन एजेंसियों का दुरुपयोग करते हुए ईडी, सीबीआई एवं आयकर विभाग को भेजती है।
 
चीमा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में भी ऐसा हुआ, जहां आप के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ ‘‘फर्जी मामले’’ दर्ज किए गए और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले भी ऐसा ही किया गया।