आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
धनशोधन जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से की जा रही छापेमारी की कार्रवाई के बीच आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को यहां जीएमएडीए कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे आप कार्यकर्ता पुलिस बैरिकेड तोड़कर ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमएडीए) परिसर में प्रवेश कर गये, जबकि वहां पंजाब पुलिस के जवान तैनात थे।
पंजाब में सत्तारूढ़ आप ने ईडी की कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। पार्टी ने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है।
पंजाब आप के कार्यकारी अध्यक्ष अमनशेर सिंह शेरी कलसी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने भाजपा नीत केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय के खिलाफ नारे लगाए। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।