आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अदाणी अहमदाबाद मैराथन को 29 नवंबर को होने वाले इसके 10वें संस्करण से पहले विश्व एथलेटिक्स वैश्विक कैलेंडर में शामिल कर लिया गया है और अब इस दौड़ में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को विश्व एथलेटिक्स रैंकिंग के लिए अंक मिलेंगे।
अहमदाबाद मैराथन के लिए यह बड़ी उपलब्धि है जिसकी शुरुआत कुछ हजार प्रतिभागियों के साथ हुई थी जबकि पिछले साल इसमें 24000 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
इस मान्यता से अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय रोड-रेसिंग कैलेंडर में शामिल हो गया है। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप मैराथन का आयोजन करने से इस प्रतियोगिता को यह मान्यता मिली।
यह मान्यता इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अहमदाबाद 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा और वह 2036 में होने वाले ओलंपिक खेलों की मेजबानी की दौड़ में भी शामिल है।