affected due to the BJP's bandh in protest against the police action.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ राज्य विधानसभा की ओर मार्च कर रहे अभ्यर्थियों पर की गई पुलिस कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आहूत बंद से मंगलवार को राज्य के कुछ हिस्सों में जनजीवन प्रभावित रहा।
राज्य के अधिकतर स्कूल और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे, जबकि राजधानी रांची सहित कई अन्य शहरों में वाहनों की आवाजाही बेहद कम रही।
पुलिस ने बताया कि रांची के किशोरगंज, अरगोड़ा और कांके इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़कें जाम कर दीं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उन्होंने हरमू चौक और किशोरगंज चौक पर टायर में आग लगा दी।
भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू ने बताया कि सोमवार को रांची में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस द्वारा पानी की बौछार करने, आंसू गैस के गोले छोड़ने और लाठीचार्ज के विरोध में यह बंद बुलाया गया है जो सुबह आठ बजे से मध्यरात्रि तक प्रभावी रहेगा और आवश्यक सेवाओं को इससे बाहर रखा गया है।
भाजपा ने पुलिस की कार्रवाई को छात्रों के खिलाफ ‘अत्याचार’ करार दिया और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार पर आरोप लगाया कि वह छात्रों की शिकायतों का समाधान करने के बजाय उनके खिलाफ बल प्रयोग कर रही है।
पार्टी ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच कराने की प्रदर्शनकारियों की मांग का भी समर्थन किया है।