आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अदाणी पावर ने भूटान की सरकारी बिजली कंपनी ड्रुक ग्रीन पावर कॉरपोरेशन (डीजीपीसी) लिमिटेड के साथ भूटान में 770 मेगावाट की चामखारछू-1 जलविद्युत परियोजना स्थापित करने के लिए समझौता किया है।
बयान के अनुसार, अदाणी पावर और भूटान की सरकारी बिजली उत्पादन कंपनी डीजीपीसी ने परियोजना स्थापित करने के लिए शेयरधारक समझौते (एसएचए) पर हस्ताक्षर किए।
यह परियोजना दोनों साझेदारों के बीच दूसरी बड़ी जलविद्युत परियोजना है। इससे पहले सितंबर 2025 में 570 मेगावाट की वांगछू जलविद्युत परियोजना के लिए समझौता हुआ था। यह परियोजना मई 2025 में अदाणी समूह और डीजीपीसी के बीच 5,000 मेगावाट की जलविद्युत परियोजनाओं के विकास के लिए हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) का भी हिस्सा है।
समझौते पर हस्ताक्षर के कार्यक्रम में भूटान के प्रधानमंत्री ल्योंछेन दाशो शेरिंग तोबगे और अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।
यह परियोजना केंद्रीय भूटान के झेमगांग जिले में चामखारछू नदी पर स्थित है। यह नदी के प्राकृतिक प्रवाह पर आधारित परियोजना होगी। इसे बीओटी (बनाओ-चलाओ और सौंप दो) मॉडल के तहत अदाणी पावर और डीजीपीसी की 49:51 प्रतिशत हिस्सेदारी वाली साझेदारी के जरिये विकसित किया जाएगा। वाणिज्यिक परिचालन शुरू होने की तारीख से इसकी रियायत अवधि 30 साल होगी।