बिजनौर में वन्यजीव अभयारण्य की जमीन पर कथित अतिक्रमण के मामले में सपा विधायक के खिलाफ मामला दर्ज

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-11-2026
A case has been registered against the SP MLA in Bijnor for allegedly encroaching on wildlife sanctuary land.
A case has been registered against the SP MLA in Bijnor for allegedly encroaching on wildlife sanctuary land.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 बिजनौर जिले में वन्यजीव अभयारण्य के अंदर की जमीन पर अतिक्रमण का प्रयास करने के आरोप में चांदपुर से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक स्वामी ओमवेश और आठ अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वन अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

वन क्षेत्राधिकारी महेश गौतम ने बताया कि मंगलवार को दारानगर गंज आरक्षित वन के बारासिंघा अभयारण्य क्षेत्र में करीब 10 बीघा जमीन पर खंभे लगाकर चारदीवारी का निर्माण किया जा रहा था।
 
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वहां लगाए गए 31 खंभों को हटा दिया। पूछताछ के दौरान मजदूरों ने कथित तौर पर अधिकारियों को बताया कि यह चारदीवारी विधायक स्वामी ओमवेश के निर्देश पर मवेशियों के लिए बनाई जा रही थी।
 
वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि वन विभाग ने बाद में जमीन को कथित अतिक्रमण से मुक्त कराया और विधायक, उनके कर्मचारी भूरा और सात अन्य लोगों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और जैव विविधता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
 
विधायक का केवलानंद आश्रम इस स्थान के करीब स्थित है।
 
आरोपों से इनकार करते हुए विधायक ओमवेश ने कहा कि उन्होंने किसी जमीन पर अतिक्रमण नहीं किया है और न ही कोई खंभे लगाए हैं।