आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
रैपर से नेता बने बालेंद्र शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) नेपाल में ‘जेन जेड’ के हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद हुए पहले आम चुनाव में शनिवार को भारी जीत की ओर अग्रसर है।
राजनीतिक रूप से अस्थिर राष्ट्र में स्थापित राजनीतिक दलों के प्रभुत्व को ध्वस्त करते हुए आरएसपी के इस चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनने की संभावना है।
नेपाल के निर्वाचन आयोग के अपराह्न 12:30 बजे के आंकड़ों के अनुसार, बृहस्पतिवार को हुए चुनाव में आरएसपी ने काठमांडू जिले के सभी 10 निर्वाचन क्षेत्रों में सूपड़ा साफ करते हुए 34 सीट पर जीत दर्ज की है और अन्य 86 सीट पर आगे है।
नेपाली कांग्रेस ने छह सीट पर जीत हासिल की है और अन्य 10 सीट पर आगे है। नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी ने दो सीट जीती हैं और अन्य आठ पर आगे है।
प्रधानमंत्री पद से हटाए गए के पी शर्मा ओली की कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (एकीकृत मार्क्सवादी-लेनिनवादी) ने एक सीट जीती है और आठ सीट पर आगे है।
श्रम संस्कृति पार्टी चार सीट पर आगे है जबकि राष्ट्रीय प्रजापति पार्टी एक सीट पर आगे है। एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की है।