आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की महिला शाखा एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में सड़कों पर प्रदर्शन करेगी।
पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण बढ़ती ऊर्जा लागत के बीच घरेलू एलपीजी और वाणिज्यिक सिलेंडरों की कीमतों में क्रमशः 60 रुपये और 114.5 रुपये की भारी वृद्धि की गई।
मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) के दौरान नामों को हटाए जाने के विरोध में अपने धरने के दूसरे दिन पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि केंद्र सरकार वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना मनमाने ढंग से एलपीजी की कीमतें बढ़ा रही है, जो ‘‘जनविरोधी तरीका है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘कल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। मैं चंद्रिमा (राज्य मंत्री और तृणमूल की महिला शाखा की प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिमा भट्टाचार्य) से आग्रह करती हूं कि वे महिलाओं से एलपीजी की कीमतों में वृद्धि के खिलाफ रैलियां आयोजित करने को कहें। जरूरत पड़ने पर काले कपड़े पहनें। हम लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करेंगे।’’