भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुंबई में राहुल गांधी को काले झंडे दिखाए

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-02-2026
BJP workers show black flags to Rahul Gandhi in Mumbai
BJP workers show black flags to Rahul Gandhi in Mumbai

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मुंबई में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उन्हें काले झंडे दिखाए और इसे एआई शिखर सम्मेलन में युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन का जवाब बताया।
 
गांधी सुबह छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे और 2014 के मानहानि मामले में अदालत में पेश होने के लिए सड़क मार्ग से पड़ोसी ठाणे जिले के भिवंडी के लिए रवाना हुए।
 
भाजपा समर्थकों के एक समूह ने मुलुंड टोल नाका पर विरोध प्रदर्शन किया और उनके खिलाफ नारे लगाए।
 
प्रदर्शनकारियों ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि गांधी लगातार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहलों का विरोध करते हैं। प्रदर्शनकारियों ने गांधी पर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाया।
 
भाजपा के एक समर्थक ने कहा, ‘‘राहुल गांधी प्रधानमंत्री के हर कदम का लगातार विरोध करते हैं। यहां तक ​​कि देश से जुड़े मुद्दों पर भी। एआई शिखर सम्मेलन में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर भारत की छवि खराब की। इसीलिए हमने उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।’’
 
सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं के बीच किसी भी तरह के टकराव को रोकने के लिए पुलिस ने गांधी के दौरे के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी।
 
इस बीच, कांग्रेस नेता सचिन सावंत ने भाजपा के विरोध प्रदर्शन को ‘‘राष्ट्रीय मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास’’ करार दिया।