नई दिल्ली।
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की बेटी और उभरती हुई अभिनेत्री सुहाना खान इस वक्त एक कानूनी विवाद में उलझ गई हैं। मामला जुड़ा है महाराष्ट्र के अलीबाग इलाके में की गई एक ज़मीन की खरीद-फरोख्त से, जिसकी वैधता पर अब सवाल उठने लगे हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सुहाना ने अलीबाग में करीब 12.91करोड़ रुपये की कीमत वाली कृषि भूमि खरीदी थी। इस ज़मीन का असली मालिकाना हक़ प्रशासन के पास बताया जा रहा है और यह ज़मीन सिर्फ़ किसानों को खेती के लिए आवंटित की गई थी। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि सुहाना ने यह ज़मीन कैसे और किस अधिकार के तहत खरीदी?
बताया जा रहा है कि यह ज़मीन सुहाना ने तीन महिलाओं — अंजलि, रेखा और प्रिया — से खरीदी, जिन्हें यह संपत्ति उनके माता-पिता से विरासत में मिली थी। हालांकि, इस दावे की वैधता को लेकर प्रशासनिक स्तर पर संदेह जताया जा रहा है और मामले की जांच शुरू हो चुकी है।
गौर करने वाली बात यह है कि ज़मीन खरीदते समय सुहाना को दस्तावेज़ों में 'किसान' दिखाया गया, ताकि कृषि भूमि की खरीद वैध मानी जा सके। सुहाना ने इस ज़मीन पर 77.46 करोड़ रुपये की स्टाम्प ड्यूटी भी अदा की है, जो इस खरीद को लेकर उनकी गंभीरता को दर्शाता है।
यह ज़मीन सुहाना की पहली प्रॉपर्टी थी, जिसे उन्होंने खरीदा था। लेकिन इस खरीद के ठीक एक साल के भीतर उन्होंने अलीबाग में ही एक और 10करोड़ रुपये की कीमत वाला घर भी खरीद लिया।
फिलहाल सुहाना अपनी अगली फिल्म 'किंग' की शूटिंग में व्यस्त हैं और इस पूरे विवाद पर उनकी या शाहरुख खान की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
कुछ दिन पहले ही सुहाना को अपने परिवार के साथ भाई आर्यन खान की सीरीज 'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' के प्रीव्यू इवेंट में देखा गया था।अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में क्या निष्कर्ष निकलता है और इस विवाद पर खान परिवार क्या रुख अपनाता है।