शाहरुख खान ने अमित शाह को दी जन्मदिन की बधाई, अच्छी सेहत की कामना

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 23-10-2026
Shah Rukh Khan wished Amit Shah a happy birthday and wished him good health.
Shah Rukh Khan wished Amit Shah a happy birthday and wished him good health.

 

नई दिल्ली:

बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने अमित शाह के अच्छे स्वास्थ्य, खुशहाली और देश के लिए उनके कार्यों को जारी रखने की शक्ति की कामना की।

शाहरुख खान ने 23 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए गृह मंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

अभिनेता ने अपने संदेश में लिखा, “गृह मंत्री श्री अमित शाह जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। आने वाला साल आपके लिए बेहतरीन स्वास्थ्य, खुशियां और देश के लिए आपके तमाम कार्यों को जारी रखने की शक्ति लेकर आए। एक शानदार वर्ष के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं और प्रार्थनाएं।”

शाहरुख खान की शुभकामनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए अमित शाह ने भी उनका आभार जताया। गृह मंत्री ने एक्स पर लिखा, “आपकी हार्दिक शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।”

62 वर्ष के हुए अमित शाह

अमित शाह ने 22 अक्टूबर को अपना 62वां जन्मदिन मनाया। उनका जन्म 22 अक्टूबर 1964 को हुआ था। पिछले करीब 12 वर्षों में वह भारतीय राजनीति के प्रभावशाली नेताओं में शामिल हुए हैं। वर्ष 2014 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने देशभर में पार्टी के संगठनात्मक और राजनीतिक विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वर्ष 2019 में मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में केंद्रीय गृह मंत्री बनने के बाद शाह ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए।

गुजराती परिवार में जन्मे अमित शाह ने भाजपा के संगठन को मजबूत करने और विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत के लिए अहम भूमिका निभाई। उनके भाजपा अध्यक्ष रहते हुए पार्टी ने 10 करोड़ से अधिक पंजीकृत सदस्यों के साथ दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने का दावा किया था।

युवावस्था में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ने के बाद वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में भी सक्रिय रहे। उन्होंने संगठन के जमीनी स्तर से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की।

अमित शाह ने वर्ष 1991 में लालकृष्ण आडवाणी और 1996 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के गांधीनगर संसदीय क्षेत्र के चुनाव अभियानों में भी जिम्मेदारी निभाई थी। संगठनात्मक क्षमता और चुनावी रणनीति के कारण उन्हें भाजपा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलती रहीं।