आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
फिल्ममेकर संजय गुप्ता के निधन से बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त गहरे सदमे में हैं। अपने करीबी दोस्त को याद करते हुए संजय दत्त ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने संजय गुप्ता को अपना भाई बताते हुए कहा कि उनकी दोस्ती और साथ बिताए पल हमेशा याद रहेंगे।
संजय दत्त ने दोनों की पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि वे हाल ही में ‘कांटे 2’ बनाने की योजना पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने अपने दोस्त से किया वादा निभाने का संकल्प लेते हुए कहा कि वह उनकी याद में इस फिल्म को जरूर बनाएंगे।
संजय दत्त ने लिखा कि संजय गुप्ता के बिना जिंदगी पहले जैसी नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि वह उनकी बातचीत और साथ बिताए पलों को बहुत याद करेंगे।
दोनों ने ‘आतिश’, ‘जंग’, ‘खौफ’, ‘कांटे’, ‘प्लान’, ‘मुसाफिर’, ‘जिंदा’ और ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ जैसी कई फिल्मों में साथ काम किया था। साल 2002 में रिलीज हुई ‘कांटे’ संजय गुप्ता की चर्चित गैंगस्टर-हीस्ट फिल्म थी, जिसमें अमिताभ बच्चन, सुनील शेट्टी और महेश मांजरेकर भी नजर आए थे।
गौरतलब है कि संजय गुप्ता का शनिवार को 57 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। फिल्ममेकर अशोक पंडित ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि घर पर सिर में चोट लगने के कारण उनकी मौत हुई। संजय गुप्ता ने ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’, ‘शूटआउट एट वडाला’, ‘काबिल’ और ‘मुंबई सागा’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया था। उनकी आखिरी निर्देशित फिल्म ‘द मिरांडा ब्रदर्स’ 2024 में रिलीज हुई थी।
संजय दत्त का ‘कांटे 2’ बनाने का वादा अब अपने दोस्त के प्रति उनकी श्रद्धांजलि और अधूरे सपने को पूरा करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।