फिल्ममेकर संजय गुप्ता का 57 साल की उम्र में निधन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 31-10-2026
Filmmaker Sanjay Gupta passes away at the age of 57
Filmmaker Sanjay Gupta passes away at the age of 57

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
मुंबई: बॉलीवुड फिल्ममेकर संजय गुप्ता का शनिवार सुबह 57 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। शनिवार को कई फिल्मी हस्तियां मुंबई स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन करने और श्रद्धांजलि देने पहुंचीं।

संजय गुप्ता के घर पहुंचने वालों में अभिनेता फरदीन खान, रोनित रॉय, रोहित रॉय और गुलशन ग्रोवर शामिल रहे। इनके अलावा फिल्ममेकर राकेश रोशन, निर्देशक मिलाप जावेरी, अभिनेता सुधांशु पांडे और फिल्ममेकर अशोक पंडित ने भी उन्हें अंतिम विदाई दी। इस दौरान रोनित रॉय और मिलाप जावेरी काफी भावुक नजर आए। उनकी आंखों में आंसू थे।
 
मुंबई पुलिस के मुताबिक, संजय गुप्ता की मौत शुक्रवार देर रात उनके वर्सोवा स्थित आवास पर हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, वह घर में अपना संतुलन खो बैठे और गिर गए। इस दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे खून बहने लगा और उनकी मौत हो गई। घटना के समय उनकी पत्नी, दो बच्चे और घरेलू सहायक घर में मौजूद थे, लेकिन सभी सो रहे थे। शनिवार सुबह घटना का पता चला।
 
पुलिस के अनुसार, परिवार ने इस घटना को लेकर किसी तरह का संदेह या शिकायत जाहिर नहीं की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल उनकी अंतिम विदाई और अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी का इंतजार है।
 
संजय गुप्ता हिंदी सिनेमा में अपनी एक्शन और क्राइम थ्रिलर फिल्मों के लिए खास पहचान रखते थे। उन्होंने 'कांटे' और 'शूटआउट एट लोखंडवाला' जैसी चर्चित फिल्मों का निर्देशन किया था। इसके अलावा 'शूटआउट एट वडाला', 'मुंबई सागा' और 'काबिल' जैसी फिल्मों से भी वह जुड़े रहे।
 
उनकी आखिरी निर्देशित फिल्म 'द मिरांडा ब्रदर्स' 2024 में रिलीज हुई थी, जिसमें हर्षवर्धन राणे और मीजान जाफरी नजर आए थे। वहीं, बतौर निर्माता उनकी फिल्म 'विस्फोट' में फरदीन खान और रितेश देशमुख ने काम किया था।
 
संजय गुप्ता ने हिंदी सिनेमा में एक्शन और क्राइम आधारित कहानियों को अपनी अलग शैली में पेश किया। उनके निधन से फिल्म जगत ने एक अनुभवी फिल्ममेकर खो दिया है।