मुंबई
बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचने के बाद अब रणवीर सिंह अभिनीत सुपरहिट फिल्म ‘धुरंधर’ ने डिजिटल दुनिया में भी धमाकेदार एंट्री कर ली है। शुक्रवार आधी रात से यह फिल्म स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध हो गई है, जिससे इसकी पहुंच अब वैश्विक दर्शकों तक और भी व्यापक हो गई है। सिनेमाघरों में रिकॉर्डतोड़ सफलता के बाद फिल्म का OTT प्रीमियर दर्शकों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं माना जा रहा है।
‘धुरंधर’ को न केवल हिंदी, बल्कि तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ किया गया है। इससे दक्षिण भारत समेत विभिन्न भाषाई क्षेत्रों के दर्शक भी इस मेगा ब्लॉकबस्टर का आनंद उठा सकेंगे। बहुभाषी रिलीज़ को भारतीय सिनेमा की बढ़ती वैश्विक स्वीकार्यता का प्रतीक माना जा रहा है।
नेटफ्लिक्स इंडिया की वाइस प्रेसिडेंट (कंटेंट) मोनिका शेरगिल ने फिल्म के OTT प्रीमियर पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ‘धुरंधर’ एक सच्चा पॉप-कल्चर मोमेंट बन चुकी है। उनके अनुसार यह फिल्म दर्शकों की कल्पना और चर्चाओं पर पूरी तरह छा गई है। उन्होंने कहा कि नेटफ्लिक्स के ज़रिए यह फिल्म अब 190 से अधिक देशों में उपलब्ध होगी, जो भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
मोनिका शेरगिल ने निर्देशक आदित्य धर की विज़न और जियो स्टूडियोज़ तथा B62 स्टूडियोज़ के साथ रचनात्मक साझेदारी की भी सराहना की। उन्होंने फिल्म की स्टारकास्ट को इसे स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक बताया।
निर्देशक आदित्य धर ने भी डिजिटल रिलीज़ पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए कहा कि थिएटर में दर्शकों से मिला प्यार उनके लिए बेहद विनम्र करने वाला अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ के साथ फिल्म एक नए अध्याय में प्रवेश कर रही है, जहां नए दर्शक इसकी कहानी, किरदारों और भव्यता को अपने समय पर महसूस कर सकेंगे।
जियो स्टूडियोज़ की प्रेसिडेंट ज्योति देशपांडे ने ‘धुरंधर’ को भारतीय सिनेमा की ताकत का प्रतीक बताते हुए कहा कि फिल्म ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनाए, बल्कि कहानी कहने की एक साहसी और आधुनिक शैली भी स्थापित की। वहीं, B62 स्टूडियोज़ के निर्माता लोकेश धर ने इसे भारतीय फिल्म उद्योग के लिए गर्व का क्षण बताया।
रणवीर सिंह के अलावा फिल्म में अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर. माधवन जैसे दमदार कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। ‘धुरंधर’ ने ‘पुष्पा 2: द रूल’ को पीछे छोड़ते हुए अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बनकर इतिहास रच दिया है। यह फिल्म दो भागों की फ्रेंचाइज़ी का हिस्सा है, जिसका दूसरा भाग 19 मार्च 2026 को रिलीज़ होने वाला है।




