'Ramayana' becomes the 11th Indian film to earn Rs 1,000 crore at the global box office
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ आठ दिन में दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली 11वीं भारतीय फिल्म बन गई है। इसके साथ ही यह ‘दंगल’, ‘बाहुबली 2’, ‘पुष्पा 2’ और ‘धुरंधर 2’ जैसी बड़ी कमाई वाली सफल फिल्मों की सूची में शामिल हो गई है।
तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है। फिल्म का पहला भाग पांच नवंबर को रिलीज हुआ था।
फिल्म कारोबार से जुड़ी वेबसाइट ‘सैकनिल्क’ के आंकड़ों के अनुसार, ‘रामायण’ ने आठ दिन में दुनियाभर में कुल 1,033.55 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसमें भारत से 675.05 करोड़ रुपये और विदेशों से 358.50 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है।
दिवाली के लंबे सप्ताहांत के दौरान फिल्म की रिलीज, देशभर में अन्य भाषाओं में इसकी अच्छी मांग और विदेशों में व्यापक स्तर पर रिलीज होने से इसे महज आठ दिनों में यह उपलब्धि हासिल करने में मदद मिली।
तिवारी के ही निर्देशन में बनी फिल्म ‘दंगल’ 2,070 करोड़ रुपये की वैश्विक कमाई के साथ अब भी इस सूची में शीर्ष पर है। इसके बाद आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर 2’ का स्थान है, जिसने दुनियाभर में 1,813.40 करोड़ रुपये की कमाई की है।
‘बाहुबली 2’ (1,788 करोड़ रुपये), ‘पुष्पा 2’ (1,742 करोड़ रुपये) और ‘धुरंधर’ (1,307.35 करोड़ रुपये) शीर्ष पांच फिल्मों में शामिल हैं।
इनके बाद ‘आरआरआर’ (1,230 करोड़ रुपये), ‘केजीएफ चैप्टर 2’ (1,215 करोड़ रुपये), ‘जवान’ (1,160 करोड़ रुपये), ‘पठान’ (1,055 करोड़ रुपये) और ‘कल्कि 2898 एडी’ (1,042.25 करोड़ रुपये) का स्थान है। ये फिल्में भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली शीर्ष 10 फिल्मों की सूची में शामिल हैं।