'हमें कोई अलग नहीं कर सकता', गोविंदा के साथ रिश्ते को लेकर सुनीता आशावान

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 10-11-2026
'No one can separate us' — Sunita remains hopeful about her relationship with Govinda
'No one can separate us' — Sunita remains hopeful about her relationship with Govinda

 

मुंबई।

बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के वैवाहिक रिश्ते में तनाव और अलगाव की अटकलों के बीच सुनीता ने एक बार फिर अपने रिश्ते को लेकर सकारात्मक उम्मीद जताई है। उन्होंने साफ कहा है कि 40 साल पुराने उनके रिश्ते को कोई नहीं तोड़ सकता। सुनीता आज भी गोविंदा के साथ पहले की तरह खुशहाल जिंदगी बिताने का सपना देखती हैं।

गोविंदा ने अपने फिल्मी करियर के शुरुआती दौर में ही सुनीता से शादी कर ली थी। हालांकि, दोनों ने लंबे समय तक अपनी शादी की बात सार्वजनिक नहीं होने दी। बाद में उनके रिश्ते का खुलासा हुआ और दोनों बॉलीवुड के चर्चित दंपतियों में शामिल हो गए। लेकिन पिछले कुछ समय से उनके वैवाहिक जीवन में कथित तनाव को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं।

हाल ही में सुनीता ने गोविंदा के विवाहेतर संबंधों को लेकर भी आरोप लगाए थे। इस मामले में अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार का नाम भी सुर्खियों में आया। एक समय सुनीता ने गोविंदा से तलाक लेने की बात तक कही थी। हालांकि, बाद में उनके रुख में बदलाव देखने को मिला। अब उन्होंने अपने पति के साथ रिश्ते के भविष्य को लेकर उम्मीद जताई है।

एक हालिया इंटरव्यू में सुनीता ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि गोविंदा पहले उन्हें खूब सोना और महंगे तोहफे दिया करते थे। दिवाली की खरीदारी भी वह उनके दिए पैसों से करती थीं। कई बार गोविंदा उन्हें और उनकी बेटी टीना को गहने खरीदने के लिए साथ ले जाते थे।

सुनीता ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि वे दिन जल्द लौटेंगे। हम फिर से साथ में गहने खरीदने जाएंगे।"

उन्होंने बताया कि गोविंदा उन्हें प्यार से 'घर की लक्ष्मी' कहकर बुलाते थे। अपने पति के प्रति भावनाओं का जिक्र करते हुए सुनीता ने कहा कि गोविंदा उनके बचपन का प्यार हैं। उन्होंने अब तक जो कुछ भी कहा, वह खुद को बचाने और अपनी भावनाएं जाहिर करने के लिए कहा था। उस समय उन्हें लगा कि अपनी बात खुलकर रखनी जरूरी है।

अपने रिश्ते के भविष्य को लेकर सुनीता ने भरोसा जताते हुए कहा, "बेशक हम फिर से साथ होंगे। हम 40 साल से साथ हैं। यह रिश्ता क्यों टूटेगा? फिलहाल मैं काम कर रही हूं और मेरा पूरा ध्यान अपने काम पर है। लेकिन इस जिंदगी में कोई भी उन्हें मुझसे अलग नहीं कर सकता।"

सुनीता ने कहा कि उन्होंने सब कुछ भगवान पर छोड़ दिया है। वह भगवान के अलावा किसी से कुछ नहीं मांगतीं। उनका मानना है कि उनके जीवन में जो कुछ भी होना है, वह होकर रहेगा, क्योंकि भगवान सब जानते हैं।

सुनीता के इस बयान से एक बार फिर गोविंदा के साथ उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।