ओनिका माहेश्वरी/ नई दिल्ली
मई का पहला सोमवार आते ही फैशन प्रेमियों के लिए साल का सबसे बड़ा दिन शुरू हो जाता है, जिसे ‘मेट मंडे’ के नाम से जाना जाता है। इस खास मौके पर पूरी दुनिया की नजरें न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूज़ियम ऑफ़ आर्ट पर टिकी रहती हैं, जहां कॉस्ट्यूम इंस्टीट्यूट की वार्षिक वसंत प्रदर्शनी के साथ भव्य ‘मेट गाला’ का आयोजन होता है। जैसे ही प्रतिष्ठित सीढ़ियों पर रेड कार्पेट बिछता है, वैसे ही बॉलीवुड और हॉलीवुड के सितारों के शानदार और अनोखे फैशन लुक्स का इंतजार शुरू हो जाता है। यह आयोजन फैशन और कला के संगम का सबसे प्रतिष्ठित मंच माना जाता है।
इस साल ‘मेट गाला’ की थीम “कॉस्ट्यूम आर्ट” रखी गई है, जो फैशन को एक जीवंत और मूर्त कला के रूप में देखने का संदेश देती है। 4 मई को आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में वोग की एडिटर-इन-चीफ एना विंटूर के साथ बियोंसे, निकोल किडमैन और वीनस विलियम्स सह-अध्यक्ष के रूप में शामिल हुए। “Fashion Is Art” ड्रेस कोड के जरिए मेहमानों को अपने पहनावे को कलात्मक अभिव्यक्ति के रूप में प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया गया।
यह थीम केवल कपड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इस विचार को भी सामने लाती है कि मानव शरीर खुद एक कैनवास है, जिसके जरिए रचनात्मकता और सौंदर्य को अभिव्यक्त किया जा सकता है। प्रदर्शनी इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए सजावट, स्टाइलिंग और शारीरिक अभिव्यक्ति के गहरे अर्थों पर ध्यान केंद्रित करती है।
हालांकि, इस बार का मेट गाला विवादों से भी अछूता नहीं रहा। अमेज़न के संस्थापक जेफ बेजोस और लॉरेन सांचेज़ की सक्रिय भागीदारी और आर्थिक सहयोग को लेकर आलोचनाएं सामने आईं। आयोजकों ने आधिकारिक बयान जारी कर उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि यह प्रदर्शनी और चैरिटी कार्यक्रम उनके सहयोग से संभव हो पाया है। लेकिन सोशल मीडिया पर कई लोगों ने अमेज़न के श्रम कानूनों और कामकाजी परिस्थितियों को लेकर चिंता जताई और बड़े कॉरपोरेट्स के सांस्कृतिक आयोजनों में बढ़ते प्रभाव पर सवाल उठाए।
भारत की ओर से इस बार मेट गाला में मजबूत उपस्थिति देखने को मिली। फिल्म निर्माता करण जौहर इस आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहे। वह मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन किए गए खास आउटफिट में नजर आए। उनका यह लुक भारतीय चित्रकार राजा रवि वर्मा की कलाकृतियों से प्रेरित था, जिसे ‘फ्रेम्ड इन इटरनिटी’ नाम दिया गया। इस आउटफिट में एक विंटेज जैकेट के ऊपर हाथ से पेंट किया गया लंबा केप शामिल था। खास बात यह है कि इस पूरे परिधान को 80 से अधिक कलाकारों ने मिलकर 85 दिनों में तैयार किया।
करण जौहर ने अपने इस लुक को कई तरह के रत्नों से सजे नेकलेस और अंगूठियों के साथ पूरा किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपने लुक के बारे में लिखते हुए कहा कि “फ्रेम्ड इन इटरनिटी” राजा रवि वर्मा की कला से प्रेरित है। उन्होंने बताया कि रवि वर्मा का काम भावनाओं को रंगों में ढालने का है, और वह अपने सिनेमा में भी कुछ ऐसा ही करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने मनीष मल्होत्रा को अपना पुराना सहयोगी बताते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय संस्कृति को फैशन के जरिए वैश्विक मंच पर शानदार तरीके से पेश किया है।
वहीं, मनीष मल्होत्रा भी मेट गाला के रेड कार्पेट पर एक बेहद खास और सोच-समझकर तैयार किए गए आउटफिट में नजर आए। उनका यह लुक मुंबई शहर से प्रेरित था। उन्होंने एक क्लासिक ब्लैक बंदगला के साथ एक खास डिजाइन वाला केप पहना, जिसे दिल्ली और मुंबई के 50 कारीगरों ने मिलकर 960 घंटों में तैयार किया। इस आउटफिट के जरिए उन्होंने अपने रचनात्मक सफर, अपने शहर और उन कारीगरों को श्रद्धांजलि दी, जो उनके डिजाइनों को जीवंत बनाते हैं।
मल्होत्रा की टीम ने सोशल मीडिया पर इस आउटफिट को “फैशन ही कला है” थीम के तहत पेश करते हुए बताया कि यह केवल एक परिधान नहीं, बल्कि एक कहानी है—एक शहर, उसकी यादों और पहचान की कहानी। इस बीच, ईशा अंबानी भी अपने शानदार अंदाज के कारण सुर्खियों में रहीं। उन्होंने गौरव गुप्ता द्वारा डिजाइन की गई खास साड़ी पहनी, जो शुद्ध सोने के धागों से बनी थी। इस साड़ी को 25 से अधिक कारीगरों ने मिलकर 1,200 से ज्यादा घंटों में तैयार किया। इसमें 200 पुराने ‘माइन-कट’ हीरे जड़े थे, जिन्हें नीता अंबानी के निजी कलेक्शन से लेकर साड़ी के ऊपरी हिस्से पर हाथ से लगाया गया था।
ईशा अंबानी का ‘मैंगो बैग’ भी इस साल मेट गाला में चर्चा का विषय बना, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। इसके अलावा, इस प्रतिष्ठित इवेंट में मोना पटेल, नताशा पूनावाला और सुधा रेड्डी ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई और भारतीय फैशन की झलक को वैश्विक मंच पर पेश किया। कुल मिलाकर, मेट गाला 2026 फैशन, कला, परंपरा और आधुनिकता का अनोखा संगम साबित हुआ, जहां भारतीय सितारों ने अपनी रचनात्मकता और सांस्कृतिक विरासत के जरिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर गहरी छाप छोड़ी।