साई पल्लवी सर्वश्रेष्ठ कलाकारों में से एक हैं, जुनैद ने भी अच्छा काम किया : आमिर खान

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-04-2026
Junaid has also done a good job: Aamir Khan
Junaid has also done a good job: Aamir Khan

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 अभिनेता-निर्माता आमिर खान ने अपनी नयी फिल्म ‘‘एक दिन’’ को लेकर कहा कि साई पल्लवी देश के सर्वश्रेष्ठ कलाकारों में से एक हैं, और उनके (आमिर के) बेटे जुनैद खान ने भी अच्छा काम किया है।
 
फिल्म के प्रमोशन के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में आमिर ने फिल्म का टाइटल गीत गाया, जिसे मूल रूप से अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है और इसका संगीत राम संपत ने तैयार किया है। कार्यक्रम के दौरान आमिर भावुक भी नजर आए।
 
उन्होंने कहा, “एक निर्माता के तौर पर मैं हर व्यक्ति की मेहनत और ईमानदारी के लिए बेहद आभारी हूं। हमें यहां अरिजीत की कमी खल रही है। वह बहुत अच्छा गाते हैं। और राम ने भी शानदार संगीत दिया है।’’
 
आमिर ने कहा “साई ने कमाल का काम किया है। आप पूरी तरह प्रभावित हो जाएंगे और दिल से कहूं तो मुझे लगता है कि साई हमारे देश के सर्वश्रेष्ठ कलाकारों में से एक हैं। जुनैद ने भी अच्छा काम किया है, लेकिन मैं ज्यादा कुछ नहीं कह सकता, क्योंकि वह मेरा बेटा है।”
 
फिल्म का निर्देशन सुनील पांडेय ने किया है, जो आमिर के पूर्व मैनेजर रह चुके हैं और ‘तारे जमीं पर’, ‘डेली बेली’ तथा ‘रंग दे बसंती’ जैसी फिल्मों में सहायक निर्देशक भी रह चुके हैं। आमिर ने पांडेय की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पहली फिल्म को बेहद मेहनत और लगन से बनाया है।
 
फिल्म के कलाकारों और तकनीकी टीम को धन्यवाद देते हुए आमिर ने कहा कि सभी ने पूरी ईमानदारी से काम किया है और अब इसे दर्शकों पर छोड़ दिया गया है।
 
इस फिल्म से बॉलीवुड में पदार्पण कर रहीं साई पल्लवी ने कहा कि वह खुश हैं कि उनकी यात्रा उन्हें इतने प्रतिभाशाली लोगों के बीच लेकर आई है।