जॉनी वॉकर ने शोहरत से बढ़कर सादगी भरी जिंदगी में खुशी तलाश की: बेटे नासिर खान

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-11-2026
Johnny Walker found happiness in a simple life rather than fame: son Nasir Khan
Johnny Walker found happiness in a simple life rather than fame: son Nasir Khan

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
दिग्गज अभिनेता जॉनी वॉकर के लिए शोहरत जिंदगी का सिर्फ एक पड़ाव थी, मंजिल नहीं। उनकी प्राथमिकता परिवार और दोस्तों के बीच सादगी और सुकून से जीवन बिताना था। उनके बेटे नासिर खान ने यह बात कही।
 
अपने पिता की 100वीं जयंती के सप्ताह में उन्हें याद करते हुए नासिर ने कहा कि उनके पिता फिल्मी दुनिया की चकाचौंध से दूर सादा जीवन जीना पसंद करते थे।
 
जॉनी वॉकर का जन्म 11 नवंबर 1926 को बदरुद्दीन जमालुद्दीन काजी के रूप में हुआ था।
 
नासिर ने 'पीटीआई-भाषा' को दिए एक साक्षात्कार में कहा, “इतनी उपलब्धियां हासिल करने के बावजूद उन्होंने साधारण जीवन जिया। आपको उनके जीवन से जुड़ा कोई विवाद, नकारात्मकता, प्रेम प्रसंग या हंगामा नहीं मिलेगा। अगर आप उनके साक्षात्कार और उनके बारे में जानकारी तलाशेंगे, तो बहुत कम सामग्री मिलेगी, क्योंकि वह निजी जीवन को लेकर काफी गोपनीयता बरतते थे। आज भी उन्हें याद किया जा रहा है, यह अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।”
 
जॉनी वॉकर ने अपने करियर की शुरुआत बस कंडक्टर के रूप में की थी। फिल्मी दुनिया में पहचान बनाने से पहले उन्होंने सब्जियां और आइसक्रीम भी बेची। गुरु दत्त की 1951 में आई फिल्म ‘बाजी’ से उन्हें फिल्म उद्योग में पहचान मिली। नासिर के मुताबिक, वह एक स्नेही पिता थे और उन्होंने सुनिश्चित किया कि उनके सभी बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले।
 
असल जिंदगी में शराब से दूर रहने वाले जॉनी वॉकर को गुरुदत्त ने यह नाम एक लोकप्रिय व्हिस्की ब्रांड के नाम पर दिया। फिल्म में शराबी की भूमिका को विश्वसनीय ढंग से निभाने के कारण उन्हें यह नाम मिला।