'एवेंजर्स: डूम्सडे' ट्रेलर में डॉक्टर डूम की धमाकेदार एंट्री

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 21-07-2026
Doctor Doom's explosive entry in the 'Avengers: Doomsday' trailer.
Doctor Doom's explosive entry in the 'Avengers: Doomsday' trailer.

 

नई दिल्ली

मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) के प्रशंसकों का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। साल 2026की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल 'एवेंजर्स: डूम्सडे' का पहला ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। करीब 2मिनट 25सेकंड का यह ट्रेलर एक्शन, रोमांच और रहस्य से भरपूर है, जिसने दुनिया भर के मार्वल फैंस की उत्सुकता कई गुना बढ़ा दी है। ट्रेलर में सबसे बड़ा आकर्षण रॉबर्ट डाउनी जूनियर का खतरनाक खलनायक डॉक्टर डूम के रूप में नजर आना है, जो MCU के इतिहास में एक नया और बड़ा मोड़ माना जा रहा है।

फिल्म का निर्देशन एक बार फिर रूसो ब्रदर्स ने किया है, जिन्होंने इससे पहले एवेंजर्स: इन्फिनिटी वॉर और एवेंजर्स: एंडगेम जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों का निर्देशन किया था। इस बार भी उन्होंने लगभग पूरे मार्वल यूनिवर्स के सुपरहीरोज को एक साथ लाकर एक भव्य सिनेमाई अनुभव देने की तैयारी की है।

ट्रेलर की शुरुआत एक रहस्यमयी माहौल से होती है। प्रोफेसर चार्ल्स ज़ेवियर का किरदार निभा रहे पैट्रिक स्टीवर्ट चेतावनी देते हैं कि एक ऐसी शक्ति आने वाली है जिसे रोक पाना शायद किसी के बस में नहीं होगा। उनके संवाद से साफ संकेत मिलता है कि डॉक्टर डूम पूरी दुनिया के लिए सबसे बड़ा खतरा बनने वाला है।

इसी बीच थोर की भूमिका निभा रहे क्रिस हेम्सवर्थ कहते हैं कि "डूम को रोकने के लिए हमें किसी चमत्कार की जरूरत होगी।" यह संवाद दर्शाता है कि इस बार एवेंजर्स के सामने अब तक की सबसे कठिन चुनौती होगी।

ट्रेलर का एक और बड़ा सरप्राइज क्रिस इवांस की वापसी है। एवेंजर्स: एंडगेम के बाद पहली बार वह स्टीव रोजर्स (कैप्टन अमेरिका) के रूप में दिखाई देंगे। उनकी वापसी को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों पर अब आधिकारिक मुहर लग गई है।

फिल्म में कई लोकप्रिय सुपरहीरो और किरदार भी नजर आएंगे। इनमें शांग-ची, येलेना बेलोवा, थंडरबोल्ट्स, नामोर, ब्लैक पैंथर, गैम्बिट, फैंटास्टिक फोर और मैग्नेटो जैसे चर्चित किरदार शामिल हैं। इनके अलावा एंथनी मैकी, सेबेस्टियन स्टेन, लेटिटिया राइट, पॉल रूड, टॉम हिडलस्टन, डेविड हार्बर, विंस्टन ड्यूक, डैनी रामिरेज़ और कई अन्य कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं।

मार्वल स्टूडियोज ने पुष्टि की है कि 'एवेंजर्स: डूम्सडे' 18दिसंबर 2026को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके साथ ही अगली फिल्म 'एवेंजर्स: सीक्रेट वॉर्स' की कहानी की भी नींव रखी जाएगी, जिसकी घोषणा पहले ही कॉमिक-कॉन में की जा चुकी है।

अब तक रिलीज हुई चारों एवेंजर्स फिल्मों ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 7.7 बिलियन डॉलर से अधिक की कमाई की है। ऐसे में फिल्म विशेषज्ञों का मानना है कि 'एवेंजर्स: डूम्सडे' इस रिकॉर्ड को और आगे ले जा सकती है। दमदार स्टारकास्ट, डॉक्टर डूम की नई कहानी और रूसो ब्रदर्स की वापसी ने इस फिल्म को वर्ष की सबसे बड़ी हॉलीवुड रिलीज बना दिया है। ट्रेलर के बाद दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं और अब सभी की निगाहें 18 दिसंबर की रिलीज पर टिकी हैं।