मुंबई
बॉलीवुड अभिनेता अंगद बेदी ने अपनी पत्नी और अभिनेत्री नेहा धूपिया के जन्मदिन पर उन्हें बेहद खास अंदाज में शुभकामनाएं दीं। अंगद ने सोशल मीडिया पर नेहा के लिए अपना प्यार जाहिर करते हुए कहा कि वह अंदर और बाहर दोनों से दुनिया की सबसे खूबसूरत लड़की हैं।
अंगद ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो कैरोसेल शेयर किया, जिसमें दोनों की साथ बिताए खूबसूरत पलों की तस्वीरें शामिल थीं। पोस्ट के अंत में नेहा का एक कैंडिड वीडियो भी था, जिसमें वह बेफिक्र होकर डांस करती नजर आ रही हैं।
इस पोस्ट के साथ अंगद ने लिखा, “अंदर और बाहर से सबसे खूबसूरत लड़की को जन्मदिन की शुभकामनाएं। अच्छे-बुरे हर दौर में साथ... नेहा धूपिया, मैं आज और हमेशा तुमसे प्यार करता रहूंगा।”
अंगद के इस प्यार भरे संदेश पर नेहा ने भी दिल छू लेने वाला जवाब दिया। उन्होंने कमेंट में “मेरा दिल” लिखा और साथ में दिल वाला इमोजी बनाया। दोनों के प्रशंसकों ने भी नेहा को जन्मदिन की बधाइयां दीं और सोशल मीडिया पर उनके लिए शुभकामनाओं की बौछार कर दी।
नेहा धूपिया और अंगद बेदी ने मई 2018 में बेहद निजी समारोह में गुरुद्वारे में शादी की थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद नवंबर 2018 में दोनों पहली बार माता-पिता बने और उनकी बेटी मेहर का जन्म हुआ।
अक्टूबर 2021 में नेहा और अंगद ने अपने दूसरे बच्चे के रूप में बेटे गुरिक का स्वागत किया। दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर अपने पारिवारिक जीवन और बच्चों के साथ बिताए खुशनुमा पलों की झलकियां साझा करते रहते हैं।
नेहा और अंगद ने फिल्मों के अलावा साथ में अपने शो ‘डबल डेट’ में भी काम किया है, जिसमें दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने पसंद किया।
नेहा धूपिया को उनके जन्मदिन पर दोस्तों और परिवार के सदस्यों की ओर से भी ढेरों शुभकामनाएं मिलीं। बॉलीवुड की कई हस्तियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट और संदेशों के जरिए अभिनेत्री को जन्मदिन की बधाई दी।
इनमें करीना कपूर, मलाइका अरोड़ा, जैकी भगनानी, अमृता अरोड़ा, सोहा अली खान और रकुल प्रीत सिंह समेत कई करीबी दोस्त शामिल रहे।अंगद बेदी का नेहा के लिए लिखा प्यार भरा संदेश एक बार फिर दोनों के मजबूत रिश्ते और एक-दूसरे के प्रति उनके गहरे लगाव की झलक देता है।