The stock market saw a sharp decline on the last trading day of the financial year
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार का चालू वित्त वर्ष के अंतिम कारोबारी सत्र में तेज गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 1,636 अंक लुढ़क गया जबकि एनएसई निफ्टी 488 अंक के नुकसान में रहा। पश्चिम एशिया में संघर्ष जारी रहने और कच्चे तेल के दाम में तेजी से निवेशकों की धारणा पर प्रतिकूल असर पड़ा है।
एशियाई बाजारों में कमजोर रुख और विदेशी संस्थागत निवेशकों की निरंतर पूंजी निकासी ने भी घरेलू शेयर बाजारों में नरमी के रुख को बढ़ाया है।
बाजार में लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट रही और तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,635.67 अंक यानी 2.22 प्रतिशत टूटकर 71,947.55 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, यह 1,809.09 अंक तक लुढ़क गया था।
पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 488.20 अंक यानी 2.14 प्रतिशत टूटकर 22,331.40 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में बजाज फाइनेंस, भारतीय स्टेट बैंक, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक सबसे अधिक नुकसान में रहीं।
दूसरी ओर, टेक महिंद्रा और पावर ग्रिड लाभ में रहें।