आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
विनिर्माताओं को इंजीनियरिंग और डिजिटल सेवाएं देने वाली टाटा टेक्नोलॉजीज लि. का 2030 तक अपना राजस्व दोगुना कर 1.1 से 1.3 अरब डॉलर करने और परिचालन लाभ मार्जिन 20 प्रतिशत से अधिक बढ़ाने का लक्ष्य है। कंपनी ने निवेशकों को यह जानकारी दी।
कंपनी का राजस्व वित्त वर्ष 2025-26 में करीब 600 करोड़ डॉलर रहा, जबकि कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) मार्जिन 15.5 प्रतिशत था।
निवेशकों के समक्ष दी गई प्रस्तुति के अनुसार, टाटा टेक्नोलॉजीज ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 में राजस्व में दहाई अंक में वृद्धि का लक्ष्य रखा है। वहीं वित्त वर्ष 2026-27 से 2029-30 के बीच राजस्व संचयी रूप से सालाना 15 से 20 प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है।
कंपनी कई बड़ी वाहन परियोजनाओं, सॉफ्टवेयर सेवाओं और एयरोस्पेस एवं औद्योगिक भारी मशीनरी क्षेत्र को सेवाएं देती हैं।
टाटा टेक्नोलॉजीज के अनुमान के मुताबिक, वाहन सेवाओं और औद्योगिक भारी मशीनरी खंड में सालाना वृद्धि दर 15 से 18 प्रतिशत रहेगी। वहीं, एयरोस्पेस या वैमानिकी और प्रौद्योगिकी समाधान कारोबार का राजस्व क्रमशः 25-30 प्रतिशत और तीन से पांच प्रतिशत सालाना बढ़ने का अनुमान है।
कंपनी अलग-अलग कार्यों के लिए इंजीनियरिंग क्षमता उपलब्ध कराने के बजाय संपूर्ण क्षमताओं वाले भागीदार के रूप में अग्रणी बनने की दिशा में काम कर रही है।