SBI begins investigation into possible leak of 3,897 customer records; operations unaffected
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ‘डार्क वेब’ पर 3,897 ग्राहकों के रिकॉर्ड उजागर होने की आशंका की जांच कर रहा है। इन रिकॉर्ड में ग्राहकों की व्यक्तिगत पहचान से जुड़ी जानकारी शामिल है।
बैंक को इस संबंध में 16 अक्टूबर को अपने जोखिम खुफिया सेवा प्रदाता, रक्षा साइबर एजेंसी और भारतीय कंप्यूटर आपात प्रतिक्रिया दल (सीईआरटी-इन) से सतर्कता संबंधी सूचनाएं मिली थीं।
एसबीआई ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि ‘डार्क वेब’ पर उपलब्ध करीब 3.75 लाख रिकॉर्ड के प्रारंभिक विश्लेषण में 3,897 ग्राहक रिकॉर्ड मिले। इनमें पंजीकृत मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, नाम, लिंग, ईमेल पते और आवासीय पते जैसी संवेदनशील जानकारी शामिल थी।
बैंक के अनुसार, उजागर हुई जानकारी में शाखा और ग्राहक सूचना फाइल (सीआईएफ) से जुड़े पहचानकर्ता, लीड आईडी तथा ऋण एवं लीड रिकॉर्ड और अन्य संबंधित फाइल से जुड़ा ‘मेटाडेटा’ भी शामिल बताया गया है।
एसबीआई ने कहा कि उजागर आंकड़ों की प्रामाणिकता एवं पूर्णता की पुष्टि करने, जानकारी उजागर होने के संभावित स्रोत तथा उसके दायरे का पता लगाने एवं ग्राहकों और बैंक के लिए इससे जुड़े जोखिमों का आकलन करने के लिए विस्तृत जांच जरूरी है।