आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
रुपया शुरुआती गिरावट से उबरते हुए मंगलवार को 12 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 96.24 (अस्थायी) पर रहा।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मुद्रा अदला-बदली सुविधा के तहत जून से अब तक भारत में 20.72 अरब डॉलर का विदेशी मुद्रा प्रवाह हुआ है, जिससे देश के भुगतान संतुलन की स्थिति को महत्वपूर्ण संरचनात्मक समर्थन मिला है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.41 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 96.13 से 96.42 प्रति डॉलर के दायरे में रहा। अंत में यह 96.24 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा जो पिछले बंद भाव की तुलना में 12 पैसे की बढ़त है।
रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले छह पैसे की गिरावट के साथ 96.36 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को कहा था कि विदेशी मुद्रा प्रवाह को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू की गई उसकी रियायती मुद्रा अदला-बदली सुविधा के तहत 17 जुलाई तक 20.72 अरब डॉलर प्राप्त हुए हैं। आठ जून, 2026 से शुरू इस सुविधा में लगातार अच्छी रुचि देखने को मिली है और इससे निरंतर विदेशी मुद्रा प्रवाह हुआ है।