आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
शिवसेना नेता संजय निरुपम ने महाराष्ट्र सरकार से ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों के वास्ते मराठी को अनिवार्य बनाने की योजना को छह महीने से एक साल तक के लिए टालने की अपील की है।
इस महीने की शुरुआत में, उनके पार्टी सहयोगी और परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने घोषणा की थी कि महाराष्ट्र में एक मई से सभी लाइसेंस प्राप्त ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों के लिए मराठी बोलना अनिवार्य होगा।
सरनाईक ने कहा था कि मोटर परिवहन विभाग के 59 क्षेत्रीय और उप-क्षेत्रीय कार्यालयों के माध्यम से राज्यव्यापी निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा, ताकि यह सत्यापित किया जा सके कि चालक मराठी भाषा को पढ़ और लिख सकते हैं या नहीं।
मंत्री ने चेतावनी दी है कि जिन चालकों को मराठी का बुनियादी ज्ञान नहीं है, उनके लाइसेंस रद्द कर दिए जाएंगे।
इस फैसले से नाराज होकर, ऑटो रिक्शा चालकों का प्रतिनिधित्व करने वाले कुछ श्रमिक संगठनों ने चार मई से राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने की धमकी दी है।
निरुपम ने शनिवार को सरनाईक को लिखे एक पत्र में कहा कि ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों के लिए मराठी बोलना अनिवार्य करने के फैसले से बेचैनी पैदा हो गई है।