जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ में पात्र संस्थागत निवेशकों से मिली मजबूत मांग

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 21-10-2026
Jio Platforms IPO receives strong demand from qualified institutional investors
Jio Platforms IPO receives strong demand from qualified institutional investors

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
जियो प्लेटफॉर्म्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) में बुधवार को निर्गम खुलने के कुछ ही मिनट के भीतर पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के लिए आरक्षित हिस्से को पूर्ण अभिदान मिल गया। इस श्रेणी में मांग उपलब्ध शेयर के मुकाबले दोगुना से अधिक रही। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, सुबह 10 बजे तक क्यूआईबी श्रेणी में मांग 2.86 गुना रही।
 
भारत का अब तक का सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम माने जा रहे इस आईपीओ में बोली प्रक्रिया शुरू होने के कुछ ही मिनटों के भीतर संस्थागत निवेशकों से मजबूत मांग मिलने लगी।
 
सूत्रों ने बताया कि क्यूआईबी श्रेणी में 4,90,07,827 शेयर रखे गए हैं। निर्गम खुलने के महज 10 मिनट में इस श्रेणी को पूर्ण अभिदान मिल गया, जबकि 30 मिनट से भी कम समय में मांग दोगुनी हो गई।
 
सूत्रों के अनुसार, अभी तक पूरे निर्गम को 0.83 गुना अभिदान मिला है।
 
बुधवार को खुला यह सार्वजनिक निर्गम 23 अक्टूबर को बंद होगा। इसके जरिये कंपनी नए शेयर जारी करके करीब 30,213 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इसमें बिक्री पेशकश (ओएफएस) का कोई हिस्सा नहीं है।
 
जियो प्लेटफॉर्म्स का यह सार्वजनिक निर्गम 2024 में हुंदै मोटर इंडिया के 27,870 करोड़ रुपये के आईपीओ को पीछे छोड़कर मूल्य के लिहाज से देश का सबसे बड़ा निर्गम बन जाएगा।