त्वरित वाणिज्य बाजार में अग्रणी बनना महज समय की बात: अमेजन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-06-2026
It's only a matter of time before Amazon becomes the leader in instant commerce market
It's only a matter of time before Amazon becomes the leader in instant commerce market

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
अमेजन के ‘कंट्री हेड’ समीर कुमार ने कहा कि त्वरित वाणिज्य बाजार के अग्रणी के रूप में उभरना अमेजन के लिए महज समय की बात है क्योंकि वह ‘प्राइम प्रोग्राम’ और व्यापक उत्पाद श्रृंखला के दम पर प्रतिस्पर्धियों को पीछे छोड़ने की रणनीति पर काम कर रही है।

कुमार ने कहा कि अमेजन त्वरित वाणिज्य को व्यापक ऑनलाइन खुदरा बाजार के भीतर एक ‘‘गति समीकरण’’ के रूप में देखती है। उन्होंने साथ इस धारणा को खारिज किया कि भारत में त्वरित वाणिज्य को अपनाने में वृद्धि पारंपरिक ई-कॉमर्स के विकास को प्रभावित कर रही है।
 
उन्होंने कहा कि कंपनी ‘‘प्रतिस्पर्धी-केंद्रित’’ नहीं बल्कि ‘‘ग्राहक-केंद्रित’’ है और भारत में 13 वर्षों में विकसित की गई व्यापक उत्पाद उपलब्धता एवं बड़े पैमाने की ई-कॉमर्स क्षमता उसकी बड़ी ताकत है।
 
कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा, ‘‘ हमें यहां तक पहुंचने में 13 साल से अधिक समय लगा है और हम मानते हैं कि इस व्यापक चयन के साथ गति जोड़ना ऐसी चीज है, जिसकी बराबरी करना दूसरों के लिए आसान नहीं होगा। हम इस क्षेत्र के बड़े खिलाड़ियों में जरूर होंगे।’’
 
कंपनी का क्विक कॉमर्स मंच अमेजन नाउ 12 से अधिक शहरों में शुरू हो चुका है। इसका 100 से अधिक शहरों तथा 1,000 ‘माइक्रो-फुलफिलमेंट सेंटर’ तक विस्तार करने की योजना है।
 
भारत का क्विक कॉमर्स (त्वरित बाजार) बाजार देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था के सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में से एक बन गया है, जहां तेज आपूर्ति की बढ़ती मांग और उपभोक्ता व्यवहार में बदलाव प्रमुख कारण हैं।
 
यह सेवा शुरुआत में मुख्य रूप से किराना और जरूरी वस्तुओं तक सीमित थी। हालांकि अब यह इलेक्ट्रॉनिक्स, सौंदर्य प्रसाधन, घरेलू सामान और ‘फैशन एक्सेसरीज’ तक फैल चुकी है, जहां युवा उपभोक्ता सुविधा और गति को प्राथमिकता दे रहे हैं।
 
इस क्षेत्र में ब्लिंकिट, जेप्टो, स्विगी इंस्टामार्ट, फ्लिपकार्ट और अमेजन जैसे बड़े खिलाड़ी आक्रामक निवेश कर रहे हैं और अपनी आपूर्ति श्रृंखला व उत्पाद खंड का विस्तार कर रहे हैं।